दुद्धी (सोनभद्र)।(विवेक सिंह) पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन शुद्धि के तहत एएनटीएफ यूनिट लखनऊ और थाना हाथीनाला की संयुक्त टीम ने 24 और 25 अगस्त की रात एक बड़ी कार्रवाई में एम्बुलेंस के अंदर छिपाकर लाया गया कुल 81.300 किलोग्राम गांजा बरामद कर एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। बरामद गांजा व एम्बुलेंस समेत अन्य सामान की अनुमानित कीमत लगभग 48 लाख रुपये बताई गई है।
अपर पुलिस अधीक्षक ऑपरेशन रिषभ रुणवाल और अपर पुलिस अधीक्षक मुख्यालय अनिल कुमार के पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी ओबरा प्रभात राय की दिशा निर्देश में यह कार्रवाई दुद्धी मार्ग के हाथीनाला तिराहे पर मुखबिर से मिली सूचना पर की गई।
पुलिस को खबर मिली थी कि उड़ीसा के सम्बलपुर से एक एम्बुलेंस के जरिए गांजा लेकर दुद्धी मार्ग होते हुए सुल्तानपुर ले जाया जा रहा है। सूचना पर टीम ने संदिग्ध एम्बुलेंस को रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान एम्बुलेंस के फर्श में लगी एल्यूमिनियम की चादर के नीचे बनाए गए एक गुप्त कैबिनेट का पता चला। कैबिनेट से टेप से बंधे 36 बंडलों में कुल 81.300 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। चालक मौके से भागने का प्रयास कर रहा था, जिसे पकड़ लिया गया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान समीर सरकार पुत्र त्रिशंकु सरकार निवासी फरक्का, मुर्शिदाबाद, पश्चिम बंगाल के रूप में हुई है। उसके कब्जे से एक एंड्रॉयड मोबाइल फोन और 1,100 रुपये नकद भी बरामद किए गए। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि गांजा सम्बलपुर से एम्बुलेंस में लोड कराया गया था और उसे सुल्तानपुर पहुंचाना था और वहां एक अज्ञात पार्टी द्वारा गांजा उतारने के बाद उसे भुगतान किया जाना था।
पुलिस ने घटना के आधार पर थाना हाथीनाला में मु0अ0सं0 38/2026 के अंतर्गत एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20/29/60 के तहत मुकदमा दर्ज कर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस अभी तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए जांच कर रही है।
कार्रवाई में शामिल टीम में थाना प्रभारी विनोद कुमार यादव, एएनटीएफ यूनिट लखनऊ के टीम प्रभारी उपनिरीक्षक सूरज सिंह, उपनिरीक्षक सुरेश राम यादव, हेड कांस्टेबल मो. खालिद खां, राजेश सिंह यादव, दीपक कुमार, नन्दलाल यादव, बृजेश कुमार यादव, चालक सुनील कुमार व कांस्टेबल राजन कुमार शामिल रहे।