Screenshot
वृद्धजनों और दिव्यांगजनों के लिए सहायक उपकरण शिविर 7 से 16 सितंबर तक
जिले के विभिन्न विकासखंडों में लगाए जाएंगे परीक्षण शिविर, पात्र हितग्राहियों को मिलेंगे सहायक उपकरण एवं कृत्रिम अंग
छिंदवाड़ा। भारत सरकार की राष्ट्रीय वयोश्री योजना एवं एडिप योजना के अंतर्गत जिले के पात्र वृद्धजनों एवं दिव्यांगजनों को सहायक उपकरण और कृत्रिम अंग उपलब्ध कराने के उद्देश्य से आगामी 7 सितंबर से 16 सितंबर 2026 तक जिले के विभिन्न विकासखंडों में परीक्षण शिविर आयोजित किए जाएंगे। इन शिविरों में पात्र हितग्राहियों का परीक्षण कर उनकी आवश्यकता के अनुसार सहायक उपकरण एवं कृत्रिम अंग उपलब्ध कराने की प्रक्रिया की जाएगी।
इस संबंध में कलेक्टर श्री हरेंद्र नारायन ने आयुक्त नगर पालिक निगम, सभी जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों तथा नगरपालिका एवं नगर परिषद के मुख्य नगरपालिका अधिकारियों को आवश्यक निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से कहा है कि अपने-अपने क्षेत्र के पात्र हितग्राहियों की शिविरों में उपस्थिति सुनिश्चित कराई जाए, ताकि कोई भी पात्र व्यक्ति योजना के लाभ से वंचित न रहे।
जुन्नारदेव में 11 सितंबर को लगेगा शिविर
जारी कार्यक्रम के अनुसार जिले में अलग-अलग तिथियों पर शिविर आयोजित किए जाएंगे।
– 7 सितंबर 2026 – जनपद पंचायत हर्रई
– 8 सितंबर 2026 – जनपद पंचायत अमरवाड़ा
– 9 सितंबर 2026 – जनपद पंचायत चौरई
– 10 सितंबर 2026 – जनपद पंचायत बिछुआ
– 11 सितंबर 2026 – जनपद पंचायत जुन्नारदेव
– 12 सितंबर 2026 – जनपद पंचायत परासिया
– 14 सितंबर 2026 – जनपद पंचायत तामिया
– 15 सितंबर 2026 – जनपद पंचायत मोहखेड़
– 16 सितंबर 2026 – जिला दिव्यांग पुनर्वास केंद्र, छिंदवाड़ा
इस दौरान संबंधित क्षेत्र के पात्र वृद्धजन एवं दिव्यांगजन निर्धारित तिथि पर शिविर में पहुंचकर अपना परीक्षण करा सकेंगे।
परीक्षण के बाद आवश्यकता के अनुसार मिलेंगे उपकरण
शिविर में पहुंचने वाले पात्र हितग्राहियों का विशेषज्ञों द्वारा परीक्षण किया जाएगा। परीक्षण के आधार पर आवश्यकता निर्धारित होने के बाद पात्र हितग्राहियों को व्हीलचेयर, श्रवण यंत्र, बैसाखी, कृत्रिम अंग सहित आवश्यक सहायक उपकरण उपलब्ध कराने की प्रक्रिया की जाएगी।
अधिकारियों का उद्देश्य अधिक से अधिक पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ दिलाना है, जिससे वृद्धजनों एवं दिव्यांगजनों की दैनिक गतिविधियों में सुविधा हो और वे अधिक आत्मनिर्भर बन सकें।
दिव्यांगजनों के लिए यूडीआईडी कार्ड जरूरी
एडिप योजना का लाभ लेने वाले दिव्यांगजनों के लिए यूडीआईडी कार्ड अनिवार्य है। इसके साथ आय प्रमाण-पत्र अथवा बीपीएल राशन कार्ड, आवासीय प्रमाण-पत्र और आधार कार्ड प्रस्तुत करना होगा।
हितग्राहियों को सलाह दी गई है कि वे शिविर में पहुंचते समय सभी आवश्यक दस्तावेज अपने साथ लेकर आएं, ताकि पात्रता एवं आवश्यक उपकरण के परीक्षण की प्रक्रिया सुचारु रूप से पूरी हो सके।
60 वर्ष या उससे अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिक ले सकेंगे लाभ
राष्ट्रीय वयोश्री योजना का लाभ लेने के लिए आवेदक की आयु 60 वर्ष या उससे अधिक होना आवश्यक है। पहचान के लिए आधार कार्ड प्रस्तुत करना अनिवार्य होगा।
बीपीएल श्रेणी के वरिष्ठ नागरिक आवश्यक दस्तावेजों के साथ अपनी पात्रता प्रमाणित कर योजना का लाभ ले सकते हैं। वहीं बीपीएल श्रेणी से बाहर के ऐसे वरिष्ठ नागरिक, जिनकी मासिक आय 15 हजार रुपये से कम है, वे निर्धारित आय प्रमाण-पत्र के आधार पर योजना के लिए पात्र हो सकते हैं।
वरिष्ठ नागरिकों को पासपोर्ट साइज फोटो भी साथ लाना होगा।
पात्र हितग्राहियों से शिविर में पहुंचने की अपील
कलेक्टर श्री हरेंद्र नारायन ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि ग्रामीण एवं नगरीय क्षेत्रों में पात्र हितग्राहियों तक शिविर की जानकारी पहुंचाई जाए और उनकी अधिकतम सहभागिता सुनिश्चित की जाए।
शिविर में आने वाले दिव्यांगजनों एवं उनके सहायकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए स्थानीय निकाय स्तर पर पेयजल, स्वल्पाहार एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं भी सुनिश्चित की जाएंगी।
प्रशासन ने जिले के पात्र वृद्धजनों एवं दिव्यांगजनों से अपील की है कि वे अपने निर्धारित क्षेत्र के शिविर की तिथि और स्थान की जानकारी ध्यान में रखते हुए आवश्यक दस्तावेजों के साथ शिविर में उपस्थित हों, ताकि उन्हें सरकार की इस महत्वपूर्ण योजना का लाभ मिल सके।
विशेष सूचना: जुन्नारदेव क्षेत्र के पात्र वृद्धजन एवं दिव्यांगजन 11 सितंबर 2026 को जनपद पंचायत जुन्नारदेव में आयोजित शिविर में अपना परीक्षण करा सकेंगे।