बारीपदा, 29/08: संत शिरोमणि श्री रविदास जी की 650वीं जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में शनिवार को बारीपदा में ‘समरस संकल्प अभियान’ के तहत पवित्र मृत्तिका संग्रह एवं विशाल समागम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम बारीपदा स्थित शहीद स्मृति भवन परिसर में आयोजित हुआ।संत रविदास जी की जन्मस्थली काशी के पवित्र मठों से लाई गई पवित्र मृत्तिका एवं कलश को बारीपदा के स्टील गोलाई स्थित सिद्धि विनायक मंदिर से शोभायात्रा के माध्यम से शहीद स्मृति भवन तक लाया गया। शोभायात्रा बारीपदा बस स्टैंड होते हुए शहीद स्मृति भवन पहुंची, जहां श्रद्धापूर्वक पवित्र मृत्तिका एवं कलश का स्वागत किया गया।इसके बाद शहीद स्मृति भवन में विशाल समागम आयोजित हुआ। कार्यक्रम में विभिन्न मठों से आए साधु-संतों के साथ ओडिशा सरकार के आवास एवं शहरी विकास मंत्री डॉ. कृष्ण चंद्र महापात्र उपस्थित रहे। इसके अलावा भाजपा के कई वरिष्ठ पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता भी कार्यक्रम में शामिल हुए।कार्यक्रम में अध्यक्ष निहार रंजन मोदी, बारीपदा विधायक प्रकाश सोरेन, उदला विधायक भास्कर मढ़ेई, कांद्रा सोरेन, कवि विष्णु शतपथी, प्रदीप महंत तथा जगन्नाथ मल्लिक सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।इस अवसर पर संत रविदास जी के सामाजिक समरसता, समानता, भाईचारे और मानवता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया गया। आयोजकों ने कहा कि ‘समरस संकल्प अभियान’ का उद्देश्य समाज में आपसी भाईचारा, एकता और समानता की भावना को मजबूत करना है।