रक्षाबंधन पर मां को लेकर गए थे ननिहाल, नेपाल घूमने का बना कार्यक्रम; हादसे में 34 वर्षीय युवक की मौत से परिवार में मचा कोहराम
शहजाद आलम, जिला संवाददाता ITN NATIONAL
सिद्धार्थनगर। नेपाल में आई भीषण बाढ़ और तेज जलधारा के बीच एक दर्दनाक हादसे में सिद्धार्थनगर जिले के नगर पंचायत इटवा निवासी 34 वर्षीय प्रभात सोनी पुत्र अवधेश सोनी की मौत हो गई। शुक्रवार को नेपाल के बुटवल में नदी के समीप अचानक पानी की तेज धारा की चपेट में आने से प्रभात सोनी बह गए। काफी खोजबीन के बाद शनिवार दोपहर उनका शव बरामद होने की सूचना मिली।
बताया जाता है कि प्रभात सोनी अपने स्वजन के साथ नेपाल गए थे। बुटवल में नदी के निकट सभी लोग एक पत्थर पर बैठे हुए थे। इसी दौरान अचानक नदी का बहाव तेज हो गया और प्रभात सोनी पानी की तेज धारा में बह गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बहने के दौरान उनके सिर के पास पत्थर से चोट भी लगी। हादसा होते ही स्वजन चीखने-चिल्लाने लगे और आसपास मदद के लिए शोर मचाया।
नेपाली प्रशासन ने शुरू की तलाश
घटना की जानकारी मिलते ही नेपाली प्रशासन और पुलिस सक्रिय हुई तथा प्रभात सोनी की तलाश शुरू की गई। घंटों की खोजबीन के बाद शनिवार दोपहर उनका शव बरामद होने की खबर सामने आई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
इधर, इटवा में जैसे ही प्रभात के पानी में बहने की खबर पहुंची, परिवार में कोहराम मच गया। उनके पिता अवधेश सोनी सहित परिवार के लोग नेपाल के लिए रवाना हो गए। इस दौरान नगर पंचायत चेयरमैन विकास जायसवाल भी परिवार के साथ खड़े रहे।
मां को राखी बंधवाने ले गए थे ननिहाल, फिर बना नेपाल जाने का कार्यक्रम
बताया गया कि रक्षाबंधन के अवसर पर प्रभात सोनी अपनी मां को लेकर ननिहाल गए थे। मऊ-जिगिनिहवा पहुंचने के बाद प्रभात, उनके छोटे भाई शिवा सोनी, मां और मामा के घर के अन्य सदस्यों के साथ नेपाल जाने का कार्यक्रम बना।
किसी ने शायद नहीं सोचा था कि खुशी-खुशी शुरू हुई यह यात्रा परिवार के लिए जिंदगी का सबसे दर्दनाक सफर बन जाएगी। नेपाल में नदी के किनारे बैठे परिवार के बीच अचानक पानी का बहाव बढ़ा और प्रभात को अपने साथ बहा ले गया।
दो बेटियों के सिर से उठा पिता का साया
प्रभात सोनी दो भाइयों में सबसे बड़े थे। उनका छोटा भाई शिवा सोनी है। प्रभात विवाहित थे और उनके परिवार में पत्नी के अलावा दो मासूम बेटियां हैं। बड़ी बेटी करीब चार वर्ष और छोटी बेटी महज डेढ़ वर्ष की है।
प्रभात की मौत की खबर से पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। इटवा स्थित उनके घर पर बड़ी संख्या में लोग पहुंचकर परिजनों को ढांढस बंधा रहे हैं।
पूर्व मंत्री सतीश द्विवेदी ने भी पहुंचकर जताया दुख
घटना की जानकारी मिलने पर पूर्व शिक्षा मंत्री डा. सतीश द्विवेदी भी प्रभात सोनी के घर पहुंचे और शोकाकुल परिवार से मुलाकात की। उन्होंने पुलिस अधीक्षक सहित नेपाल के कुछ राजनीतिक लोगों से फोन पर संपर्क कर मामले की जानकारी ली और परिवार को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने का अनुरोध किया।
वहीं इटवा प्रभारी निरीक्षक अनिल कुमार दुबे भी परिवार के घर पहुंचे और घटना की जानकारी लेते हुए अपने स्तर से आवश्यक समन्वय एवं जानकारी जुटाने में लगे रहे।
रक्षाबंधन की खुशियों के बीच शुरू हुई यह यात्रा परिवार के लिए जिंदगी भर का दर्द बन गई। प्रभात सोनी की असमय मौत से पूरे इटवा क्षेत्र में शोक की लहर है।