मारपीट में महिला की मौत के मामले में दो आरोपी गिरफ्तार
खैरगढ़। थाना खैरगढ़ पुलिस ने वर्ष 2025 के एक मारपीट के मामले में वांछित चल रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को मंगलवार सुबह बैरनी तिराहे से ग्राम बैरनी जाने वाले मार्ग पर चेकिंग के दौरान गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सुरेश चन्द्र पुत्र रामेश्वर सिंह (55) और लोकेन्द्र पुत्र सुरेश चन्द्र (22), निवासी ग्राम वैरनी, थाना खैरगढ़ के रूप में हुई है। दोनों के खिलाफ थाना खैरगढ़ में मुकदमा अपराध संख्या 220/2025 दर्ज है।
पुलिस के मुताबिक, 22 दिसंबर 2025 को आरोपियों ने वादी और उसके परिवार के साथ मारपीट की थी। मारपीट में वादी की मां कुसमा देवी को गंभीर चोटें आई थीं। इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई थी। मामले की विवेचना और साक्ष्य संकलन के दौरान मुकदमे में धारा 105 बीएनएस की बढ़ोतरी की गई।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय के समक्ष पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। गिरफ्तारी करने वाली टीम में थानाध्यक्ष प्रवीण कुमार मिश्र, उपनिरीक्षक घनश्याम सिंह तथा कांस्टेबल अंकित कुमार और दुष्यंत कुमार शामिल रहे।
