*MLC चुनाव को लेकर प्रशांत किशोर का बड़ा बयान, बोले- 8 सीटों पर चुनाव लड़ेगा जन सुराज; अगले 2-4 दिनों में होगी प्रत्याशियों की घोषणा*
*सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के MLC चुनाव को लेकर बैठक में शामिल हुए प्रशांत किशोर, कार्यकर्ताओं से ली राय*
*मोतिहारी:* जन सुराज के सूत्रधार प्रशांत किशोर बुधवार को आगामी सारण शिक्षक एवं स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के MLC चुनाव की तैयारियों को लेकर आयोजित बैठक में शामिल हुए। बैठक का आयोजन मोतिहारी स्थित पॉम बेरी रिजॉर्ट में किया गया।
बैठक में पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष मनोज भारती, सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के वर्तमान MLC अफाक अहमद, एनपी मंडल, सुभाष कुशवाहा, सरवर अली, जेपी सिंह सहित प्रदेश स्तर के कई नेता मौजूद रहे। इसके अलावा पूर्वी चंपारण, पश्चिमी चंपारण, सारण, सिवान और गोपालगंज के संगठन पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए।
बैठक के दौरान आगामी MLC चुनाव में पार्टी की ओर से संभावित प्रत्याशियों को लेकर कार्यकर्ताओं और संगठन पदाधिकारियों से राय ली गई। कार्यकर्ताओं ने अपने-अपने क्षेत्रों में संगठन की स्थिति, मतदाताओं के बीच जन सुराज की पहुंच और चुनाव को लेकर स्थानीय स्तर पर की जाने वाली तैयारियों से संबंधित सुझाव साझा किए। प्रशांत किशोर ने कार्यकर्ताओं की बातों को गंभीरता से सुना और चुनाव की तैयारियों को लेकर उनके सुझावों पर विस्तार से चर्चा की।
मीडिया से बातचीत करते हुए प्रशांत किशोर ने कहा कि जन सुराज आगामी MLC चुनाव में 8 सीटों पर चुनाव लड़ेगा। उन्होंने कहा कि सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के उम्मीदवार और चुनाव की रणनीति को लेकर पांचों जिलों—छपरा, सिवान, गोपालगंज, पूर्वी चंपारण और पश्चिमी चंपारण—के साथ-साथ संगठन जिला बगहा के सभी साथियों के साथ तीन घंटे से अधिक समय तक चर्चा हुई है।
उन्होंने कहा, सभी साथियों ने मिलकर जो निर्णय लिया है और लोगों ने जो सुझाव दिया है, उसके आधार पर अगले तीन-चार दिनों में पार्टी अन्य क्षेत्रों के साथ-साथ इस क्षेत्र के लिए भी अपने उम्मीदवार की घोषणा करेगी।
प्रशांत किशोर ने कहा कि सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से पहले निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर चुनाव जीत चुके वर्तमान MLC अफाक अहमद भी बैठक में शामिल थे और उन्हें लेकर भी विस्तृत चर्चा हुई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि उम्मीदवार को लेकर अंतिम निर्णय पार्टी द्वारा पटना में एक साथ लिया जाएगा और उसी दिन यह स्पष्ट हो जाएगा कि इस क्षेत्र से जन सुराज का उम्मीदवार कौन होगा।
बैठक में आगामी MLC चुनाव को लेकर संगठन को और मजबूत करने, मतदाताओं तक पहुंच बढ़ाने और प्रभावी चुनावी रणनीति तैयार करने पर भी विस्तार से मंथन किया गया।
इस बैठक में जिला अध्यक्ष रविंद्र बेरूआर, जिला महासचिव अभय शर्मा, मुख्य प्रवक्ता अजय आजाद, मोनिका शर्मा, महिला अध्यक्ष पूर्णिमा भारती, युवा अध्यक्ष श्याम सहनी समेत बड़ी संख्या में पार्टी के नेता एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।