सोनभद्र ।जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 की धान खरीद की तैयारियों की समीक्षा करते हुए किसानों की सुविधा के लिए धान क्रय केन्द्रों की संख्या बढ़ाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी आवश्यक तैयारी समय पर पूरी की जाएं ताकि किसानों को अपनी उपज बेचने में किसी प्रकार की कठिनाई न हो।
गौरतलब है कि पिछले वर्ष जिले में कुल 1,25,837.34 मीट्रिक टन धान की खरीद की गई थी। जिले की उत्पादकता और उपलब्ध आंकड़ों को देखते हुए इस वर्ष धान खरीद का लक्ष्य 1.70 लाख मीट्रिक टन निर्धारित करने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करने को कहा गया है।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों से कहा कि खरीदी के लिए निर्धारित क्रय केन्द्रों का समुचित पंजीकरण, मशीनरी व बुनियादी सुविधाओं की व्यवस्था, भंडारण और तौल-प्रक्रिया सुनिश्चित की जाएं। उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि किसानों को क्रय केन्द्रों तक पहुँचने में कोई परेशानी न हो और आवश्यक जनसूचना समय पर ग्रामीण इलाकों तक पहुंचे।
जिलाधिकारी ने कहा कि किसानों की सुविधा और सुगम धान खरीद व्यवस्था हमारी प्राथमिकता है।उन्होंने आश्वासन दिया कि प्रशासन किसानों के हितों का पूर्ण ध्यान रखते हुए खरीद अभियान को सुचारू रूप से संचालित करेगा।