मध्य प्रदेश की सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को आधुनिक और बेहतर दिशा देने के लिए शुक्रवार को इंदौर में दो दिवसीय यात्री परिवहन विज़न समिट-2026 की शुरुआत हो रही है। इस समिट का आयोजन मध्य प्रदेश यात्री परिवहन एंड इंफ्रास्ट्रक्चर लिमिटेड द्वारा किया जा रहा है, जिसमें निजी बस ऑपरेटर, नीति-निर्माता, विशेषज्ञ और उद्योग जगत की हस्तियाँ शामिल हो रही हैं।यह समिट मुख्य रूप से ‘मुख्यमंत्री सुगम परिवहन सेवा योजना’ पर केंद्रित है, जिसके तहत शत-प्रतिशत पीपीपी (पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप) मॉडल के अंतर्गत बसों के संचालन और अत्याधुनिक मोबिलिटी इकोसिस्टम के निर्माण की रूपरेखा तय की जाएगी। इस दो दिवसीय आयोजन में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे, जबकि परिवहन एवं स्कूल शिक्षा मंत्री राव उदय प्रताप सिंह विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगे।समिट का मुख्य उद्देश्य प्रदेश में यात्री परिवहन को अधिक सुलभ, आधुनिक और व्यापक बनाना है, साथ ही परिवहन के क्षेत्र में निजी निवेश और भागीदारी को बढ़ावा देना है ताकि नागरिकों को बेहतर और आधुनिक परिवहन सुविधा मिल सके।
अरमान खान जिला ब्यूरो चीफ