गणेशोत्सव में DJ की तेज आवाज पर पुलिस सख्त
लेजर लाइट, मिड मिक्सर और मिक्सर लाइट पर रोक; नियम तोड़ने वालों पर होगी कड़ी कार्रवाई
गोंदिया | प्रतिनिधि तामेश्वर पंधरे
आगामी गणेशोत्सव के दौरान जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और उत्सव शांतिपूर्ण एवं सुचारू रूप से संपन्न कराने के उद्देश्य से 12 सितंबर 2026 को पुलिस मुख्यालय गोंदिया स्थित प्रेरणा हॉल में DJ चालक-मालिकों की बैठक आयोजित की गई।
बैठक की अध्यक्षता गोंदिया के पुलिस अधीक्षक गोरख भामरे ने की। बैठक में उपविभागीय पुलिस अधिकारी, पुलिस थाना प्रभारी, अधिकारी-कर्मचारी, गोपनीय शाखा के जवान तथा जिले के करीब 100 DJ चालक-मालिक उपस्थित रहे। पुलिस अधीक्षक ने गणेशोत्सव के दौरान ध्वनि प्रदूषण एवं निर्धारित ध्वनि सीमा का सख्ती से पालन करने के निर्देश दिए। गणेश विसर्जन एवं रैली के दौरान लेजर लाइट, मिड मिक्सर और मिक्सर लाइट का इस्तेमाल नहीं करने की स्पष्ट चेतावनी दी गई।
उन्होंने कहा कि DJ की कर्कश आवाज से आम नागरिकों के जीवन और स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव नहीं पड़ना चाहिए। निर्धारित नियमों से अधिक आवाज करने पर संबंधित गणेश मंडल तथा DJ चालक-मालिक के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इसके अलावा DJ वाहनों के दोनों तरफ पैनल बाहर निकालकर चलाने से दुर्घटनाओं की घटनाएं सामने आने के कारण उपप्रादेशिक परिवहन विभाग के साथ समन्वय कर DJ वाहनों की जांच करने के निर्देश दिए गए हैं। नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों पर भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस अधीक्षक ने गणेश विसर्जन जुलूस के दौरान सभी नियमों एवं निर्धारित सीमाओं का पालन करने तथा विसर्जन प्रक्रिया को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से पूरा कराने का आह्वान किया। बैठक में DJ चालक-मालिकों की समस्याएं और सुझाव भी सुने गए।