‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम को व्यापक स्तर पर आयोजित कराने के निर्देश, लाभार्थियों को भी किया जाएगा प्रेरित
झांसी। मंडलायुक्त श्री बिमल कुमार दुबे की अध्यक्षता में विकास विभाग के कार्यों की समीक्षा बैठक आयुक्त सभागार में आयोजित की गई। बैठक में मंडलायुक्त ने विभिन्न विकास एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को कार्यों में तेजी लाने और योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने के निर्देश दिए।
मंडलायुक्त ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के निरंतर सेवाकाल की जनकल्याणकारी उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने और प्रत्येक नागरिक को ‘विकसित भारत 2047’ के सामूहिक राष्ट्रीय संकल्प से जोड़ने के उद्देश्य से 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाया जाएगा।
उन्होंने कहा कि एक माह तक चलने वाले इस अभियान के दौरान ग्राम पंचायत और न्याय पंचायत स्तर से लेकर जिला मुख्यालय तक जनसेवा, स्वास्थ्य, स्वच्छता, पर्यावरण, सामाजिक सरोकार और राष्ट्र निर्माण से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
मंडलायुक्त ने निर्देश दिए कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस 17 सितंबर के अवसर पर सभी विभागीय कार्यालयों में ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम आयोजित किया जाए। साथ ही विभागों द्वारा अपने-अपने लाभार्थियों की नाम, पता और मोबाइल नंबर सहित सूची तैयार कर उन्हें अपने घरों में भी ‘आशीर्वाद का दीया’ जलाने के लिए प्रेरित किया जाए।
उन्होंने मंडल के तीनों जनपदों में 10-10 स्थानों पर बड़े स्तर पर ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम आयोजित कराने के निर्देश दिए। इसके अलावा ग्राम पंचायतों से लेकर शहरी क्षेत्रों तक जनसहभागिता के साथ विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
अभियान के अंतर्गत ‘मेरे सपनों का भारत’, ‘नमो सेवा गाथा’, ‘आंगन का उत्सव’, ‘कहानी बदलाव की’, ‘विकसित भारत संकल्प यात्रा’, ‘सेवा ज्योति यात्रा’, ‘वडनगर से वाराणसी यात्रा’, ‘सेवा मेरा योगदान’, ‘घर-घर से राष्ट्र तक रंगोली’, ‘इनोवेशन चैलेंज’ और ‘जनसेवा महाकुंभ’ जैसे कार्यक्रम प्रस्तावित हैं।
मंडलायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अभियान को केवल सरकारी आयोजनों तक सीमित न रखा जाए, बल्कि इसमें अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित की जाए। उन्होंने प्रतिदिन आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की फोटोग्राफ्स उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए।
समीक्षा बैठक में राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, छात्रवृत्ति, प्रोजेक्ट अलंकार, आईटीआई प्रवेश, कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय, मातृ शिशु वंदना योजना, पोषाहार वितरण, बाल वाटिका, मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना, मुख्यमंत्री आवास, किसान सम्मान निधि, फसल बीमा, फसल ऋण, किसान क्रेडिट कार्ड, गेहूं खरीद, गौशाला, नंदिनी योजना, स्वच्छ भारत मिशन, अन्नपूर्णा भवन, आंगनबाड़ी केंद्रों के निर्माण और पर्यटन विभाग की योजनाओं की भी समीक्षा की गई।
मंडलायुक्त ने सभी संबंधित अधिकारियों को योजनाओं की प्रगति बढ़ाने तथा पात्र लाभार्थियों को समय से योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
बैठक में संयुक्त विकास आयुक्त सुरेशचंद्र केशरवानी, उप निदेशक अर्थ एवं संख्या एसएन त्रिपाठी, अपर निदेशक पशुपालन ए.के. सागर, उप श्रमायुक्त किरण मिश्रा, उप निदेशक महिला कल्याण श्रवण गुप्ता, उप निदेशक पंचायतीराज अजय आनंद सरोज, अधीक्षण अभियंता लोक निर्माण विभाग संजीव कुमार, क्षेत्रीय पर्यटन अधिकारी डी.के. शर्मा सहित अन्य मंडलीय अधिकारी उपस्थित रहे।
