कटक, 24 सितंबर: परम प्रेममय श्री श्री ठाकुर अनुकूल चंद्र के 139वें जन्मदिवस के अवसर पर हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी सेवा कार्य का आयोजन किया गया। परम प्रेममय श्री श्री ठाकुर अनुकूल चंद्र के परम भक्त अध्वर्यु श्री प्रताप चंद्र माझी एवं याजक श्री सुकांत सुतार के नेतृत्व में गुरुवार सुबह कटक स्थित आचार्य हरिहर कैंसर अस्पताल तथा श्रीराम चंद्र भंज मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में गरीब एवं असहाय मरीजों के बीच सूखा खाद्य पदार्थ, कंबल एवं बेडशीट का वितरण किया गया।ओडिशा के विभिन्न क्षेत्रों से आए भक्त सुबह आचार्य हरिहर कैंसर अस्पताल पहुंचे। यहां सर्वप्रथम ठाकुर के नाम का स्मरण कर प्रार्थना की गई। इसके बाद अस्पताल में भर्ती मरीजों तथा भर्ती न हो पाने के कारण आश्रय केंद्र में रह रहे जरूरतमंद मरीजों के बीच सूखा खाद्य पदार्थ एवं कंबल वितरित किए गए।इसके बाद कटक स्थित श्रीराम चंद्र भंज मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल के मानसिक रोग विभाग, डायरिया वार्ड, निराश्रित रोगी वार्ड सहित विभिन्न विभागों में उपचार करा रहे 500 से अधिक मरीजों के बीच बेडशीट एवं सूखा खाद्य पदार्थ वितरित किया गया।यह सेवा कार्यक्रम दयाल डीपी वर्क टीम की ओर से आयोजित किया गया था। कार्यक्रम में विघ्नेश महाराणा, गोपाल चंद्र दास, मिलू भाई, बसंत भाई, लक्ष्मण राव, गणपति राव, हेमंत भाई, सुशील भाई, ससनी भाई, गुरु भाई एवं गुरु मां सहित अनेक स्वयंसेवकों और समाजसेवियों ने भाग लेकर मरीजों की सहायता की।कार्यक्रम के माध्यम से ठाकुर अनुकूल चंद्र के जन्मदिवस को सेवा, मानवता और जरूरतमंदों की सहायता के संदेश के साथ मनाया गया।
— हिमांशु शेखर प्रहराज, राज्य प्रमुख