सोनभद्र। सड़क हादसों पर अंकुश लगाने और दुर्घटनाओं में होने वाली मौतों को कम करने के लिए पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। रविवार को पुलिस लाइन चुर्क स्थित कॉन्फ्रेंसिंग हॉल में अपर पुलिस अधीक्षक (ऑपरेशन) ऋषभ रुणवाल की अध्यक्षता में सीसी टीम के साथ बैठक हुई। इसमें दुर्घटनाओं की रोकथाम को लेकर विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक में एएसपी ने दुर्घटना संभावित क्षेत्रों और ब्लैक स्पॉट को चिह्नित कर वहां विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि हादसे की सूचना मिलते ही घायलों को तत्काल सहायता और राहत उपलब्ध कराई जाए, ताकि जनहानि को कम किया जा सके।
उन्होंने ओवरस्पीडिंग, गलत दिशा में वाहन चलाने, बिना हेलमेट और सीट बेल्ट के वाहन चलाने तथा नशे की हालत में ड्राइविंग करने वालों पर प्रभावी कार्रवाई करने को कहा। यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करने के साथ ही आमजन को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के निर्देश दिए गए।
एएसपी ने दुर्घटना संभावित स्थानों की लगातार निगरानी करने और हादसों में कमी लाने के लिए आवश्यक सुरक्षात्मक एवं सुधारात्मक कदम उठाने पर जोर दिया।