डीएम और सीएमओ को सौंपा ज्ञापन, नवजात की मौत व किडनी पीड़ित के मामले में जांच की मांग
शहजाद आलम, जिला संवाददाता, ITN NATIONAL, सिद्धार्थनगर…
सिद्धार्थनगर। इटवा क्षेत्र में स्वास्थ्य विभाग की कार्रवाई और विभिन्न स्वास्थ्य प्रतिष्ठानों से जुड़े मामलों को लेकर प्रेस क्लब उत्तर प्रदेश एवं राष्ट्रीय पत्रकार एकता संघ ने सोमवार को मोर्चा खोल दिया। संगठनों के प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी और मुख्य चिकित्सा अधिकारी को ज्ञापन सौंपकर प्रकरणों की निष्पक्ष और पारदर्शी जांच कराने की मांग की।
राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रेस क्लब अविनाश आजाद शुक्ला के निर्देश पर प्रेस क्लब उत्तर प्रदेश के प्रदेश अध्यक्ष राहुल सिंह और प्रेस क्लब सिद्धार्थनगर के जिलाध्यक्ष भारत कनौजिया के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने सोमवार सुबह करीब 11 बजे डीएम और सीएमओ को ज्ञापन सौंपा। राष्ट्रीय पत्रकार एकता संघ की ओर से भी स्वास्थ्य विभाग से जुड़े मामलों की जांच की मांग उठाई गई।
ज्ञापन देने के दौरान नवजात शिशु की मौत से पीड़ित परिवार और किडनी संबंधी बीमारी से प्रभावित व्यक्ति भी मौजूद रहे। दोनों ने अधिकारियों के समक्ष अपनी शिकायतें रखते हुए संबंधित स्वास्थ्य सेवाओं और घटनाक्रम की जांच कराकर जिम्मेदारी तय करने की मांग की।
जनता सेवा अस्पताल को लेकर उठाए सवाल
ज्ञापन में जनता सेवा अस्पताल की सील, एफआईआर, कथित तौर पर सील काटे जाने के वीडियो और अस्पताल परिसर से बरामद बताए जा रहे करीब 50 डिग्रियों एवं स्टाम्प पेपर के मामले की जांच कराने की मांग की गई। शिकायतकर्ता ने दस्तावेजों की प्रामाणिकता, स्रोत, स्वामित्व और उनके संभावित इस्तेमाल की जांच किए जाने की मांग की।
वहीं, सूत्रों के हवाले से दस्तावेज वापस किए जाने और अस्पताल का नाम बदलकर नए सिरे से पंजीकरण कराने की कवायद का दावा भी किया गया है। प्रतिनिधिमंडल ने इन दावों की भी रिकॉर्ड के आधार पर जांच कराने की मांग की।
रजिस्ट्रेशन किसी और के नाम, संचालन किसका
ज्ञापन में विभिन्न स्वास्थ्य संस्थानों के वास्तविक संचालन, प्रबंधन, आर्थिक लेन-देन और संबंधित लोगों की भूमिका की जांच कराने की मांग की गई। उपलब्ध इलेक्ट्रॉनिक रिकॉर्ड की भी नियमानुसार जांच कराने को कहा गया।
इसके अलावा लक्ष्मी अल्ट्रासाउंड एवं सीटी स्कैन सेंटर, पूर्वा डायग्नोस्टिक सेंटर और पीसी डायग्नोस्टिक सेंटर से संबंधित जांच और नोटिस के मामलों को भी समग्र जांच में शामिल करने की मांग की गई।
प्रेस क्लब और राष्ट्रीय पत्रकार एकता संघ ने कहा कि पूरे प्रकरण में पूर्व में हुई विभागीय कार्रवाई, जांच रिपोर्ट, नोटिस, पंजीकरण से जुड़े अभिलेख और संबंधित अधिकारियों की भूमिका स्पष्ट होनी चाहिए, ताकि वास्तविक स्थिति सामने आ सके।
ज्ञापन में दस्तावेजों के संरक्षण और सत्यापन, पूर्व की कार्रवाई का रिकॉर्ड सुरक्षित रखने तथा कथित नए पंजीकरण की प्रक्रिया की जांच कराने की मांग की गई। प्रतिनिधिमंडल ने नवजात मौत और किडनी संबंधी शिकायत सहित पूरे प्रकरण की निष्पक्ष, पारदर्शी और रिकॉर्ड आधारित जांच कराकर नियमानुसार कार्रवाई की मांग की।