सोनभद्र। विकास भवन सभागार में बुधवार को मुख्य विकास अधिकारी जागृति अवस्थी की अध्यक्षता में जिला स्तरीय शिक्षा समीक्षा बैठक हुई। इसमें विद्यालयों में शिक्षक और छात्र उपस्थिति, आधारभूत सुविधाओं, नामांकन, निरीक्षण व्यवस्था, निर्माण कार्यों और विभिन्न पोर्टल पर डाटा अपडेट की प्रगति की समीक्षा की गई।
ऑपरेशन कायाकल्प के 19 मानकों के तहत जिले के 2,061 विद्यालयों में 94.30 प्रतिशत औसत इंफ्रास्ट्रक्चर सैचुरेशन दर्ज किया गया। मुख्य विकास अधिकारी ने शेष कमियों को प्राथमिकता के आधार पर दूर कराने के निर्देश दिए। अनधिकृत अनुपस्थिति के 45 मामलों में कार्रवाई की जानकारी दी गई।
बैठक में विद्युत संयोजन से वंचित 200 विद्यालयों में कार्य शीघ्र पूरा कराने को कहा गया। हाईटेंशन वायर से संबंधित लंबित कार्यों में भी तेजी लाने के निर्देश दिए गए। ब्लॉक टास्क फोर्स की ओर से सितंबर में निर्धारित 750 निरीक्षणों के सापेक्ष 725 निरीक्षण किए गए।
सीडीओ ने प्रेरणा ऐप और डिजिटल रजिस्टर के उपयोग को प्रभावी बनाने तथा विद्यालय स्तर की सूचनाओं को समय से अपडेट करने पर जोर दिया। इसके अलावा कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय (केजीबीवी), मध्याह्न भोजन, डीबीटी, दिव्यांग बच्चों के चिन्हांकन व नामांकन, आरटीई प्रवेश और शुल्क प्रतिपूर्ति सहित विभिन्न योजनाओं की भी समीक्षा की गई।
मुख्य विकास अधिकारी ने अधिकारियों को विद्यालयों में योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन, लंबित कार्यों का समयबद्ध निस्तारण और गुणवत्तापूर्ण शैक्षिक वातावरण सुनिश्चित करने के लिए निरंतर अनुश्रवण करने के निर्देश दिए।