रायरंगपुर/नई दिल्ली: नई दिल्ली स्थित सांसद सभागार हॉल में 29 सितंबर को आदिवासी-दलित समाज का संयुक्त स्वाभिमान सम्मेलन आयोजित किया गया। कांग्रेस एससी/एसटी सांसद मंच की ओर से आयोजित इस सम्मेलन में देश के विभिन्न क्षेत्रों से आए आदिवासी-दलित जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं तथा कांग्रेस नेताओं ने भाग लिया।सम्मेलन में सामाजिक न्याय, समान अधिकार, शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, राजनीतिक प्रतिनिधित्व और समावेशी विकास सहित विभिन्न महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा की गई। वक्ताओं ने वंचित वर्गों के अधिकारों की रक्षा तथा सामाजिक भेदभाव को दूर करने के लिए सभी को एकजुट होकर आवाज उठाने की आवश्यकता पर जोर दिया।वक्ताओं ने भारतीय संविधान के मूल्यों, सामाजिक समानता और न्याय की रक्षा के लिए सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता पर भी बल दिया। सम्मेलन में महिला कांग्रेस और युवा कांग्रेस के प्रतिनिधियों ने भी सक्रिय रूप से भाग लिया।कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी प्रतिनिधियों ने भारतीय संविधान की रक्षा, सामाजिक न्याय और सामाजिक समरसता को आगे बढ़ाने के लिए संकल्प लिया। सम्मेलन शांतिपूर्ण एवं सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।ओडिशा से राष्ट्रीय आदिवासी कांग्रेस के ओडिशा प्रभारी समन्वयक गणेश सिंह ध्रुव, ओडिशा प्रदेश आदिवासी कांग्रेस अध्यक्ष तथा पूर्व सांसद यशोवंत नारायण सिंह लागुरी, राष्ट्रीय आदिवासी कांग्रेस समन्वयक एवं पूर्व विधायक प्रह्लाद पूर्ति, चाईबासा से राष्ट्रीय आदिवासी कांग्रेस समन्वयक दीनबंधु बाइपाई तथा क्योंझर की पूर्व सांसद शकुंतला लागुरी सहित कई प्रमुख प्रतिनिधियों ने सम्मेलन में भाग लिया।
मयूरभंज से हिमांशु शेखर प्रहराज।