दुद्धी (सोनभद्र)। भाऊराव देवरस राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय दुद्धी के बी.कॉम. के नियमित छात्र मृत्युंजय पांडेय सहित छात्रों ने सोमवार को महाविद्यालय में एक दिवसीय धरना दिया और दो असिस्टेंट प्रोफेसरों के विरुद्ध उच्चस्तरीय जांच कर तत्काल कार्रवाई की मांग की। छात्रों ने चेतावनी दी है कि शीघ्र कार्रवाई नहीं होने पर भविष्य में अनिश्चितकालीन आमरण अनशन किया जाएगा।
छात्र मृत्युंजय पांडेय ने आरोप लगाया कि चीफ प्रॉक्टर डॉ. अजय कुमार ने 25 अगस्त को उनके चाचा नितेश कुमार पाण्डेय से बातचीत के दौरान एससी/एसटी एक्ट के तहत एफआईआर दर्ज कराने और करियर बर्बाद करने की धमकी दी। उन्होंने कहा कि तंबाकू सेवन की शिकायत करने के बाद डॉ. विवेकानन्द द्वारा 20 अगस्त, 2 और 3 सितंबर को महाविद्यालय के मुख्य द्वार एवं सीढ़ियों पर उन्हें रोका गया तथा कक्षाओं में प्रवेश से वंचित रखा गया।
छात्रों के अनुसार, परिसर में तंबाकू सेवन के वीडियो साक्ष्य के बावजूद आंतरिक जांच में हेरफेर कर झूठी रिपोर्ट तैयार की गई। उन्होंने आरोप लगाया कि आरोपित शिक्षकों की परिसर में मौजूदगी के कारण गवाह छात्र भय के कारण गवाही देने से हिचक रहे हैं।
प्रदर्शनकारी छात्रों ने दोनों आरोपित शिक्षकों को तत्काल निलंबित करने, चीफ प्रॉक्टर डॉ. अजय कुमार को जांच पूर्ण होने तक प्रशासनिक एवं अनुशासनात्मक दायित्वों से पदमुक्त करने तथा विभागीय स्तर पर उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की। उन्होंने आगामी परीक्षाओं की निष्पक्षता सुनिश्चित करने के लिए दोनों शिक्षकों को मूल्यांकन एवं परीक्षा निरीक्षण से अलग रखने की भी मांग की।
छात्रों ने बताया कि उनकी शिकायत आईजीआरएस के माध्यम से उच्च शिक्षा विभाग उत्तर प्रदेश शासन के पास पत्र शिकायती भेजा है। उन्होंने मुख्यमंत्री से सीधे हस्तक्षेप कर निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग की। छात्रों ने स्पष्ट किया कि यह आंदोलन किसी राजनीतिक गतिविधि नहीं, बल्कि विद्यार्थियों की सुरक्षा, आत्मसम्मान और भयमुक्त शैक्षणिक वातावरण की मांग से जुड़ा है। उन्होंने कहा कि प्राचार्य सहित अन्य शिक्षकों पर इस प्रकरण में कोई आरोप नहीं है।
प्रदर्शनकारी छात्रों ने कहा कि यदि शासन प्रशासन द्वारा शीघ्र ठोस कार्रवाई नहीं की गई, तो वे भविष्य में अनिश्चितकालीन आमरण अनशन पर बैठेंगे। उन्होंने कहा कि उनके पास साक्ष्य और गवाह मौजूद हैं तथा न्याय मिलने तक संघर्ष जारी रहेगा। छात्रों का प्रतिनिधि मंडल धरना के बाद कॉलेज के प्राचार्य को इस बाबत ज्ञापन सौंपा ।इस संबंध में महाविद्यालय के प्रभारी प्राचार्य राजेश भारती ने बताया कि मामला उच्च शिक्षा निदेशालय, विश्वविद्यालय और शासन स्तर पर जांच के लिए लंबित है। उन्होंने कहा कि शीघ्र ही जांच कमेटी गठित किए जाने की संभावना है और यह प्रक्रिया अगले सप्ताह तक शुरू हो सकती है।
धरना पर श्रेयांशु अग्रहरि, ओम अग्रहरि,करण सिंह राजपूत,मृत्युंजय पांडे,एकलव्य प्रताप सिंह,अभय यादव और अर्श खान सहित काफी संख्या में छात्र उपस्थित रहे ।
