विकसित भारत संकल्प यात्रा में उमड़ा जनसैलाब

बदायूँ:। 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चल रहे सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत बुधवार को हाफिज सिद्दीक इस्लामिया इंटर कॉलेज में विकसित भारत संकल्प यात्रा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जनपद की सभी विधानसभाओं से विधायकगण, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और समर्थक शामिल हुए। इस अवसर पर प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के उद्बोधन का सजीव प्रसारण किया गया। जनप्रतिनिधियों के उद्बोधन के उपरांत विकसित भारत संकल्प यात्रा हाफिज सिद्दीक इस्लामिया इंटर कॉलेज से प्रारम्भ होकर महाराणा प्रताप चौक, भगवान परशुराम चौक, रोडवेज, भामाशाह चौक, जेल तिराहा होते हुए वापस हाफिज सिद्दीक इस्लामिया इंटर कॉलेज पर सम्पन्न हुई। कार्यक्रम में रंगकर्मियों द्वारा नाटक का भी मंचन किया गया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार), वन, पर्यावरण, जन्तु उद्यान एवं जलवायु परिवर्तन विभाग, उत्तर प्रदेश एवं जनपद के प्रभारी मंत्री डॉ. अरुण कुमार ने कहा कि आज ही के दिन प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने 25 वर्ष पूर्व गुजरात के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में गुजरात को विकास का मॉडल बनाने का प्रयास किया गया और प्रधानमंत्री बनने के बाद विश्व स्तर पर भारत की नई पहचान स्थापित हुई है। आज विश्व में भारत और भारतीयों का सम्मान बढ़ा है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने रक्षा और प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में अपनी ताकत बढ़ाई है। देश विकास के पथ पर तेजी से आगे बढ़ रहा है। गांव-गांव सड़कों का निर्माण हुआ है और व्यवस्थाओं में व्यापक सुधार आया है। मा0 मुख्यमंत्री योगी के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश में अपराध पर प्रभावी अंकुश लगा है और सभी त्योहारों को उत्साह एवं सौहार्द के साथ मनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि अब विकसित, प्रगतिशील और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण का संकल्प लेना है। एक जनपद एक उत्पाद (ओडीओपी) को बढ़ावा देने के साथ ही युवाओं को रोजगार मांगने वाला नहीं, बल्कि रोजगार देने वाला बनाने की दिशा में कार्य करना होगा। उन्होंने कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से गरीबों एवं जरूरतमंदों को निरंतर लाभ पहुंचाया जा रहा है।
केंद्रीय राज्य मंत्री, उपभोक्ता मामले, खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण तथा सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता बी.एल. वर्मा ने कहा कि मा0 प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के 25 वर्षों के निरंतर सार्वजनिक जीवन और सेवा के हम सभी साक्षी हैं। उन्होंने कहा कि 07 अक्टूबर को ही श्री नरेंद्र मोदी ने गुजरात के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी और गुजरात को विकास के मॉडल के रूप में देश के सामने प्रस्तुत किया। उनके सामने अनेक चुनौतियां थीं, जिनमें भ्रष्टाचार भी प्रमुख था, जिसपर बहुत ज्यादा अंकुश लगाया गया। प्रधानमंत्री के नेतृत्व में पिछले वर्षों में प्रत्येक वर्ग के कल्याण के लिए अनेक योजनाएं संचालित की गई हैं।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने दुनिया में भारत का नाम और सम्मान बढ़ाया है। उन्होंने कहा कि यह अवसर प्रधानमंत्री के सेवा, समर्पण और राष्ट्र निर्माण के संकल्प से प्रेरणा लेने का है। प्रधानमंत्री ने 140 करोड़ देशवासियों को अपना परिवार माना है और उनका मानना है कि जब देश का प्रत्येक नागरिक एक कदम आगे बढ़ता है तो भारत 140 करोड़ कदम आगे बढ़ता है। उन्होंने कार्यक्रम में पहुंचे सभी जनप्रतिनिधियों, पदाधिकारियों एवं नागरिकों का आभार व्यक्त किया।
भाजपा जिलाध्यक्ष राजीव कुमार गुप्ता ने कहा कि मा0 प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष सेवा, समर्पण और राष्ट्र निर्माण की निरंतर यात्रा के प्रतीक हैं। 07 अक्टूबर का दिन विशेष महत्व रखता है, क्योंकि इसी दिन प्रधानमंत्री ने गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में जनसेवा की यात्रा शुरू की थी। सेवा संकल्प अभियान इसी सेवा भावना को जन-जन तक पहुंचाने और नागरिकों को विकसित भारत के संकल्प से जोड़ने का माध्यम है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश ने विकास, सुशासन, गरीब कल्याण, तकनीक और आत्मनिर्भरता के क्षेत्र में महत्वपूर्ण प्रगति की है। विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम पायदान तक पहुंचाने का प्रयास किया गया है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य को प्राप्त करने में प्रत्येक नागरिक की सहभागिता आवश्यक है। कार्यकर्ता सरकार की योजनाओं की जानकारी पात्र लाभार्थियों तक पहुंचाने और उन्हें लाभ दिलाने में सहयोग करें।
भाजपा जिला प्रभारी राकेश मिश्र अनावा ने कहा कि जिन विधानसभा क्षेत्रों में अभी संगठनात्मक कार्य शेष हैं, वहां भी पूरी गंभीरता के साथ कार्य किया जाएगा। उन्होंने कहा कि आज कार्यक्रम में उमड़ी यह भीड़ जनता और कार्यकर्ताओं के उत्साह का प्रतीक है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर पूरी ताकत के साथ जुटने का आह्वान करते हुए कहा कि यह उत्साह आगामी चुनाव में पार्टी की जीत के संकल्प को दर्शाता है।
कार्यक्रम में सदर विधायक महेश चंद्र गुप्ता, दातागंज विधायक राजीव कुमार सिंह, बिसौली विधायक आशुतोष मौर्य, बिल्सी विधायक हरीश शाक्य, वरिष्ठ नेता डी.के. भारद्वाज, पूर्व मंत्री विमल कृष्ण अग्रवाल, पूर्व सांसद डॉ. संघमित्रा मौर्य, पूर्व एमएलसी जितेंद्र यादव, एमएलसी बागीश पाठक के प्रतिनिधि शारदेन्दु पाठक, क्षेत्रीय महामंत्री राजेश्वर सिंह पटेल, क्षेत्रीय मंत्री महेश राठौर, पूर्व मंत्री डी.पी. भारती, शैलेश पाठक, पूर्व नगर पालिका अध्यक्षा दीपमाला गोयल सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं समर्थक मौजूद रहे।