रितेश कुमार ब्यूरो चीफ बालोद छत्तीसगढ़
बालोद
नाबालिग बच्चों से मारपीट और प्रताड़ना के मामले में बालोद पुलिस ने एक महिला को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपिया की पहचान शबाना बानो (39), निवासी वार्ड क्रमांक 1, पाररास, बालोद के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, पीड़ित बालक और बालिका ने बाल कल्याण समिति बालोद में लिखित शिकायत दी थी। शिकायत में महिला पर बच्चों के साथ गाली-गलौज और मारपीट करने, बालक की आंख में मिर्ची डालने तथा पढ़ाई को लेकर गर्म प्रेस आयरन से हाथ की कोहनी जलाने का आरोप लगाया गया था। शिकायत में घर से निकालने की धमकी देने की बात भी कही गई थी।
शिकायत की जांच में प्रथम दृष्टया बच्चों के साथ मारपीट और प्रताड़ना का मामला पाए जाने पर थाना बालोद में अपराध क्रमांक 497/2026 के तहत धारा 296, 115(2) बीएनएस और धारा 75 किशोर न्याय अधिनियम, 2015 के तहत मामला दर्ज किया गया।
पुलिस ने आरोपिया को 8 अक्टूबर को सुबह 10:45 बजे गिरफ्तार किया और न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया। मामले में विवेचना जारी है। पुलिस ने कहा कि बच्चों की सुरक्षा और संरक्षण को लेकर कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।