सहारनपुर ब्रेकिंग.
जिलाधिकारी अरविंद कुमार चौहान के निर्देशन में जनपद के युवाओं की प्रतिभा को प्रोत्साहित करने तथा उन्हें अपनी सांस्कृतिक विरासत से जोड़ने के उद्देश्य से युवा कल्याण एवं प्रादेशिक विकास दल विभाग द्वारा जनपद स्तरीय युवा उत्सव का आयोजन 16 अक्टूबर, 2026 को आईटीआई, दिल्ली रोड, सहारनपुर में प्रस्तावित है।
युवा उत्सव की थीम ‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत’ निर्धारित की गई है।
जिला युवा कल्याण एवं प्रादेशिक विकास दल अधिकारी राहुल सिद्धार्थ ने बताया कि युवा उत्सव में जनपद सहारनपुर के 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के युवा कलाकार प्रतिभाग कर सकेंगे। उत्सव के अंतर्गत लोकनृत्य (समूह), लोकगीत (समूह), नुक्कड़ नाटक (समूह), पेंटिंग एवं कविता लेखन प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। लोकनृत्य, लोकगीत एवं नुक्कड़ नाटक की प्रत्येक टीम में अधिकतम 10 कलाकार प्रतिभाग कर सकेंगे।
उन्होंने बताया कि जनपद के सभी विकास खंडों के साथ-साथ विद्यालयों, महाविद्यालयों, विश्वविद्यालयों तथा शासकीय एवं अर्द्धशासकीय शिक्षण संस्थानों के पात्र युवा कलाकारों को भी अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा। विभिन्न प्रतियोगिताओं में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया जाएगा।
जिला युवा कल्याण एवं प्रादेशिक विकास दल अधिकारी ने बताया कि जनपद स्तरीय युवा उत्सव में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को मंडल स्तरीय युवा उत्सव में प्रतिभाग करने का अवसर मिलेगा। मंडल स्तरीय युवा उत्सव का आयोजन नवंबर माह के प्रथम सप्ताह में प्रस्तावित है।
क्षेत्रीय युवा कल्याण अधिकारी मनीष मलिक ने बताया कि युवा उत्सव जैसे आयोजनों से युवाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का मंच मिलता है तथा उनमें भारतीय सांस्कृतिक विरासत, लोककला एवं रचनात्मक गतिविधियों के प्रति जागरूकता बढ़ती है। उन्होंने बताया कि प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग करने के इच्छुक कलाकारों के लिए ‘माय भारत पोर्टल’ पर अपने मोबाइल नंबर के माध्यम से पंजीकरण कराना अनिवार्य है। पंजीकरण के उपरांत ही प्रतिभागी प्रतियोगिताओं में भाग ले सकेंगे।
उन्होंने सभी इच्छुक प्रतिभागियों से अपील की कि वे 16 अक्टूबर, 2026 को प्रातः 9:00 बजे निर्धारित आयोजन स्थल आईटीआई, दिल्ली रोड, सहारनपुर पहुंचकर अपनी-अपनी विधा के अनुसार पंजीकरण कराना सुनिश्चित करें तथा अधिक से अधिक संख्या में प्रतिभाग कर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करें।
रमेश सैनी आशीष सैनी सहारनपुर इंडियन टीवी