बालोद: 117 ग्राम पंचायतों में विकास कार्यों की समीक्षा, दो दिन में काम शुरू करने के निर्देश
बालोद, 10 अक्टूबर 2026। छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में विकसित भारत जी राम जी योजना के तहत संचालित विकास कार्यों की प्रगति को लेकर जनपद पंचायत गुंडरदेही में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुनील कुमार चंद्रवंशी की अध्यक्षता में हुई बैठक में 117 ग्राम पंचायतों के सचिव, ग्राम रोजगार सहायक और संबंधित अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
बैठक में सीईओ चंद्रवंशी ने स्वीकृत कार्यों की समीक्षा करते हुए जिन ग्राम पंचायतों में निर्माण कार्य शुरू नहीं हुए हैं, वहां दो दिनों के भीतर काम प्रारंभ करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिक से अधिक पात्र श्रमिकों को रोजगार उपलब्ध कराने और निर्धारित लक्ष्यों को समय-सीमा में पूरा करने पर जोर दिया।
समीक्षा के दौरान शासकीय विद्यालयों में बालिका शौचालय, सामुदायिक मुक्तिधाम शेड और असफल बोरवेल में रिचार्ज शाफ्ट निर्माण जैसे कार्यों को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए गए। इन कार्यों को 20 जनवरी 2027 तक प्रारंभ कर गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण कराने को कहा गया। इसके अलावा किचन शेड, अतिरिक्त कक्ष, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भवन, धरसा, पंचायत भवन और आंगनबाड़ी भवन निर्माण की भी समीक्षा की गई।
बैठक में योजना के तहत पंजीकृत कुशल एवं अकुशल श्रमिकों की ई-केवाईसी प्रक्रिया तत्काल पूरी कराने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों और पंचायत अमले को नियमित निगरानी कर निर्माण कार्यों में अनावश्यक देरी रोकने तथा ग्रामीण क्षेत्रों में टिकाऊ परिसंपत्तियों का निर्माण सुनिश्चित करने को कहा गया।
बैठक में हिमांशु साहू, नितेश कुमार साहू, ओमप्रकाश साहू, प्रभात साहू, घनश्याम सिन्हा, प्रतिज्ञा चंद्राकर सहित तकनीकी सहायक, जनपद पंचायत के अधिकारी-कर्मचारी तथा सभी 117 ग्राम पंचायतों के सचिव और ग्राम रोजगार सहायक मौजूद रहे।
