बालोद: दल्लीराजहरा में अवैध शराब पर आबकारी विभाग की कार्रवाई, 44 पाव देशी मदिरा जब्त
बालोद, 9 अक्टूबर 2026। छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में अवैध शराब की बिक्री पर अंकुश लगाने के लिए आबकारी विभाग ने दल्लीराजहरा में कार्रवाई करते हुए 44 पाव देशी मदिरा जब्त की है। मामले में एक व्यक्ति के खिलाफ छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है।
आबकारी विभाग के अनुसार, कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा के निर्देश पर अवैध मदिरा के निर्माण, परिवहन, भंडारण और बिक्री के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में दल्लीराजहरा निवासी कोमल साहू (43), पिता ढेलूराम साहू के खिलाफ कार्रवाई की गई। उसके पास से 7.92 बल्क लीटर यानी 44 पाव शोले देशी मदिरा प्लेन जब्त की गई। आरोपी के विरुद्ध छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) और 59-क के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है।
इस कार्रवाई में आबकारी उपनिरीक्षक एवं विवेचक अधिकारी रोशन लाल बंजारे, परिवीक्षाधीन आबकारी उपनिरीक्षक प्रतीक महोबिया, मुख्य आरक्षक तजेंद्र मंडल, आरक्षक गजेन्द्र सोम, चंद्रशेखर सिंहसार और राकेश देशमुख शामिल रहे। इनके अलावा महिला आबकारी आरक्षक चित्रलेखा सिन्हा, कोमल सतपथी, चुनेश्वरी साहू तथा वाहन चालक कुलदीप ठाकुर ने भी कार्रवाई में योगदान दिया।
आबकारी विभाग ने बताया कि जिले में अवैध मदिरा के कारोबार पर रोक लगाने के लिए निगरानी और कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
