बालोद: जिला पंचायत में संभागायुक्त सत्यनारायण राठौर का औचक निरीक्षण, लंबित आवेदनों के समयबद्ध निराकरण के निर्देश
बालोद, 9 अक्टूबर 2026। दुर्ग संभागायुक्त सत्यनारायण राठौर ने बालोद प्रवास के दौरान जिला पंचायत कार्यालय का औचक निरीक्षण कर शासकीय योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को लंबित प्रकरणों और आम नागरिकों से प्राप्त आवेदनों का निर्धारित समय-सीमा में निराकरण करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान संभागायुक्त ने कार्यालय की विभिन्न शाखाओं में संचालित कार्यों का जायजा लिया। उन्होंने विकसित भारत-जी राम जी योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण), स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण), राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन और अन्य पिछड़ा क्षेत्र विकास प्राधिकरण से जुड़े कार्यों की समीक्षा की। इस दौरान योजनाओं के तहत निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप प्रगति सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।
संभागायुक्त राठौर ने अधिकारियों से कहा कि ग्रामीण विकास योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पारदर्शी तरीके से पहुंचना चाहिए। योजनाओं के क्रियान्वयन में लापरवाही न हो और आम नागरिकों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाए।
निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुनील चंद्रवंशी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

