तस्करों का फिल्मी स्टाइल में तांडव! पुलिस की गाड़ी में मारी टक्कर, 65 किलो गांजा बरामद
बिहार के सुपौल में गांजा तस्करों का फिल्मी स्टाइल में भागने का वीडियो सामने आया है! पुलिस की गिरफ्त से बचने के लिए ब्लैक स्कॉर्पियो सवार तस्कर ने पुलिस की गाड़ी में टक्कर मार दी। इतना ही नहीं, भागने के दौरान एक फेरीवाले की बाइक और घर के सामने खड़ी दूसरी बाइक को भी टक्कर मार दी। हालांकि, पुलिस ने पीछा कर स्कॉर्पियो को पकड़ लिया और गाड़ी की तलाशी में 53 किलो गांजा बरामद किया।
पूरा मामला भीमपुर थाना क्षेत्र के एसएच-91 का है, जहां शनिवार सुबह बैंक ऑफ इंडिया के पास पुलिस ने वाहन जांच के दौरान स्कॉर्पियो को रोकने की कोशिश की। लेकिन चालक ने गाड़ी पीछे की ओर तेजी से चलाते हुए पुलिस वाहन को टक्कर मार दी और भागने लगा। इस दौरान दो बाइकों को भी नुकसान पहुंचा। आखिरकार पुलिस ने पीछा कर स्कॉर्पियो को पकड़ लिया।
एसडीपीओ दिलीप कुमार के मुताबिक, एसपी शरथ आरएस के निर्देश पर मादक पदार्थों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में पिछले 24 घंटे के भीतर भीमपुर थाना क्षेत्र में दो अलग-अलग कार्रवाइयों के दौरान कुल 65 किलो गांजा बरामद किया गया और तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
पहली कार्रवाई में शुक्रवार शाम बाइक से 12 किलो गांजा बरामद हुआ। इस मामले में छातापुर थाना क्षेत्र के रमन कुमार झा और दिलखुश कुमार ठाकुर को गिरफ्तार किया गया। वहीं, दूसरी कार्रवाई में शनिवार सुबह ब्लैक स्कॉर्पियो से 53 किलो गांजा बरामद हुआ और सहरसा जिले के आदर्श कुमार को गिरफ्तार किया गया
पुलिस की कार्रवाई और गांजा बरामदगी से जुड़ा वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रहा है। एसडीपीओ ने बताया कि स्कॉर्पियो की टक्कर से किसी पुलिसकर्मी के घायल होने की सूचना नहीं है। दोनों मामलों में अलग-अलग केस दर्ज किए गए हैं और आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया की जा रही है।