मुरैना: पति के हत्यारों की खौफनाक साजिश, खुद के परिजनों को मारकर विधवा को फंसाने की धमकी
जौरा (मुरैना)।
जौरा थाना क्षेत्र के ग्राम घूघस में एक बेहद सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां एक विधवा महिला अपने पति के हत्यारों के खिलाफ न्याय की लड़ाई लड़ रही है, वहीं आरोपी पक्ष राजीनामे का दबाव बनाते हुए महिला को झूठे हत्या के केस में फंसाने की खौफनाक साजिश रच रहा है। दहशत में आई पीड़िता ने पुलिस को आवेदन देकर सुरक्षा की गुहार लगाई है।
31 अगस्त को हुई थी पति की हत्या
ग्राम घूघस निवासी प्रार्थिया रानी कुशवाह ने पुलिस को दिए अपने आवेदन में बताया कि 31 अगस्त 2026 को आरोपियों ने उसके पति राजेन्द्र और बेटे भानू पर जानलेवा हमला किया था, जिसमें पति राजेन्द्र की मौत हो गई थी। हत्याकांड के बाद से ही आरोपी पक्ष लगातार राजीनामे का दबाव बना रहा है। 29 सितंबर को अशोक और मलखान ने दो अन्य लोगों के साथ घर आकर पीड़िता और उसके बच्चों को जान से मारने की धमकी दी।
खुद के घर पर पथराव कर रची फंसाने की साजिश
पीड़िता के अनुसार, 1 अक्टूबर की रात करीब 11:30 बजे रामस्वरूप, उसकी पुत्रवधू बिट्टो और नरेश ने खुद के ही घर पर ईंट-पत्थर फेंके। इसके बाद वे जोर-जोर से चिल्लाकर कहने लगे कि यदि रानी ने राजीनामा नहीं किया, तो वे बिस्तर पर पड़े अपने ही बीमार परिजन मनोज और फूलसिंह की हत्या कर देंगे और इसका झूठा आरोप रानी व उसके परिजनों पर मढ़ देंगे।
दहशत में परिवार, पुलिस से लगाई गुहार
लगातार मिल रही इन धमकियों और रची जा रही साजिशों से पीड़िता रानी कुशवाह और उसका पूरा परिवार दहशत में है। पीड़िता ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि आरोपियों की इस घिनौनी साजिश की तत्काल जांच कर सख्त कार्रवाई की जाए और उसके परिवार की जान-माल की रक्षा की जाए।