, हमीरपुर
दिनांक: 12 अक्टूबर 2026
*होमगार्ड्स एनरोलमेंट-2025 के अंतर्गत चयनित 340 अभ्यर्थियों का चिकित्सा परीक्षण 16 से 24 अक्टूबर तक*
*बुलावा पत्र 11 एवं 12 अक्टूबर को जिला कमाण्डेंट होमगार्ड्स कार्यालय से प्राप्त करें अभ्यर्थी*
हमीरपुर। उत्तर प्रदेश शासन, होमगार्ड्स विभाग के शासनादेश के क्रम में होमगार्ड्स स्वयंसेवकों के पदों पर एनरोलमेंट-2025 के अंतर्गत जनपद हमीरपुर के लिए चयनित 340 पुरुष एवं महिला अभ्यर्थियों के चिकित्सा परीक्षण एवं चरित्र सत्यापन की कार्यवाही दिनांक 16, 17, 22, 23 एवं 24 अक्टूबर 2026 को पुलिस लाइन, हमीरपुर में प्रातः 09:00 बजे से संपन्न कराई जाएगी।
जिला कमाण्डेंट होमगार्ड्स हरि शंकर चौधरी ने बताया कि निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 16, 17, 22 एवं 23 अक्टूबर को प्रतिदिन लगभग 70 पुरुष अभ्यर्थियों तथा 24 अक्टूबर को 68 महिला अभ्यर्थियों का चिकित्सा परीक्षण कराया जाएगा। चिकित्सा परीक्षण मुख्य चिकित्सा अधिकारी द्वारा गठित मेडिकल बोर्ड के माध्यम से किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि अभ्यर्थियों को उनके व्हाट्सऐप एवं ई-मेल के माध्यम से सूचित किया जाएगा। चिकित्सा परीक्षण हेतु बुलावा पत्र की हार्ड कॉपी दिनांक 11 एवं 12 अक्टूबर 2026 को प्रातः 10:00 बजे से सायं 05:00 बजे तक जिला कमाण्डेंट होमगार्ड्स कार्यालय, सागर रोड, जयपुरिया स्कूल के सामने, हमीरपुर से वितरित की जाएगी।
*बुलावा पत्र के बिना नहीं मिलेगा प्रवेश*
चिकित्सा परीक्षण स्थल पर केवल उन्हीं अभ्यर्थियों को प्रवेश दिया जाएगा, जिनके पास संबंधित तिथि के लिए जिला कमाण्डेंट होमगार्ड्स द्वारा जारी बुलावा पत्र उपलब्ध होगा। अभ्यर्थियों को बुलावा पत्र में उल्लिखित समस्त मूल अभिलेख एवं उनकी प्रमाणित छायाप्रतियां साथ लाना अनिवार्य है।
चिकित्सा परीक्षण में अभ्यर्थियों के उपयुक्त अथवा अनुपयुक्त होने का परिणाम उसी दिन घोषित किया जाएगा। परिणाम पुलिस लाइन तथा जिला कमाण्डेंट होमगार्ड्स कार्यालय, हमीरपुर के नोटिस बोर्ड पर भी चस्पा किया जाएगा।
चिकित्सा परीक्षण में अनुपयुक्त घोषित अभ्यर्थी निर्धारित प्रारूप में उसी दिन जनपद के नोडल अधिकारी के समक्ष अपील प्रस्तुत कर सकेंगे। प्राप्त अपीलों को संकलित कर उसी दिन विशेष वाहक के माध्यम से मण्डलीय नोडल अधिकारी को भेजा जाएगा। इसके बाद संबंधित अभ्यर्थी को मण्डलीय चिकित्सा परिषद के समक्ष चिकित्सा परीक्षण हेतु उपस्थित होने की तिथि एवं समय की सूचना दी जाएगी।
चयनित अभ्यर्थियों को चिकित्सा परीक्षण के दौरान किसी प्रकार की समस्या होने पर पुलिस लाइन के मोबाइल नंबर 8005194053 अथवा ई-मेल cmdhghm-up@nic.in पर संपर्क करने की सलाह दी गई है। समस्याओं के यथासंभव समाधान का प्रयास किया जाएगा।