उज्जैन जिल के खाचरौद में विधायक और सीएमओ के आश्वासन पर हड़ताल समाप्त, 8 मांगों पर बनी सहमति
पांच दिन से जारी वाल्मीकि समाज की काम बंद हड़ताल खत्म, कर्मचारियों के वेतन, ईपीएफ और ग्रेच्युटी भुगतान सहित कई मुद्दों पर सहमति
असलम खान – खाचरौद जिला उज्जैन(म.प्र.)
वाल्मीकि सेना मार्शल कॉम एवं समस्त वाल्मीकि समाज द्वारा 5 अक्टूबर से जारी काम बंद हड़ताल 10 अक्टूबर को समाप्त हो गई। विधायक और मुख्य नगर पालिका अधिकारी (सीएमओ) के आश्वासन के बाद 11 में से 8 सूत्रीय मांगों पर सहमति बनी। सीएमओ ने कर्मचारियों की विभिन्न समस्याओं के निराकरण का भरोसा दिलाया।
इन प्रमुख मांगों पर बनी सहमति
– कर्मचारियों को हर माह की 1 से 10 तारीख के बीच वेतन का भुगतान किया जाएगा।
– 28 दिन कार्यरत कर्मचारियों को 30 दिन का भुगतान दिलाने का विषय पीआईसी में रखा जाएगा। साथ ही ईपीएफ का लाभ दिलाने पर भी सहमति बनी।
– महिला कर्मचारियों को कार्य पर लगाने का विषय पीआईसी में रखा जाएगा।
– कर्मचारियों को कार्य के लिए आवश्यक साधन उपलब्ध कराए जाएंगे।
– वर्षों से बंद गेहूं लोन की स्वीकृति लेकर दीपावली पर इसका लाभ दिलाने का प्रयास किया जाएगा।
– प्रत्येक तीन माह में कर्मचारियों के लिए स्वास्थ्य शिविर आयोजित कर स्वास्थ्य परीक्षण कराया जाएगा।
– हड़ताल के छह दिनों का किसी भी कर्मचारी का वेतन नहीं काटा जाएगा और न ही किसी कर्मचारी को उसके कार्यस्थल से इधर-उधर किया जाएगा।
– वर्ष 2020 से सेवानिवृत्त कर्मचारियों की ग्रेच्युटी एवं अवकाश राशि का भुगतान, जो पहले तीन-चार माह में एक बार किश्त के रूप में किया जा रहा था, अब हर माह किश्त के रूप में किया जाएगा।
मांगों पर सहमति और आश्वासन मिलने के बाद कर्मचारियों ने हड़ताल समाप्त कर दी। इस संबंध में जानकारी मीडिया प्रभारी संदीप दावरे ने दी।