रितेश कुमार ब्यूरो चीफ बालोद छत्तीसगढ़
बालोद।
साइबर फ्रॉड के पीड़ितों को राहत दिलाने और होल्ड बैंक खातों से जुड़ी समस्याओं के निराकरण के लिए बालोद पुलिस ने बैंक अधिकारियों के साथ समन्वय बैठक आयोजित की। बैठक में MRM और GRM पोर्टल के माध्यम से मामलों के त्वरित निराकरण पर जोर दिया गया।
पुलिस अधीक्षक किरण गंगाराम चव्हाण के निर्देशन में आयोजित बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक चन्द्रकांत गवर्ना और एसडीओपी विनय साहू उपस्थित रहे। चर्चा के दौरान साइबर फ्रॉड के मामलों में होल्ड हुई राशि पीड़ितों को वापस दिलाने तथा अज्ञात स्रोत से बैंक खाते में राशि आने के कारण होल्ड खातों की समस्याओं का नियमानुसार समाधान करने पर जोर दिया गया।
पुलिस और बैंक अधिकारियों ने संबंधित मामलों में आवश्यक दस्तावेजों और जानकारी के आधार पर समन्वय से कार्रवाई कर समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करने पर चर्चा की।
बालोद पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे अपना बैंक खाता, एटीएम कार्ड, पासबुक या बैंकिंग संबंधी जानकारी किसी अन्य व्यक्ति को इस्तेमाल करने के लिए न दें। कमीशन या लालच के बदले अपने खाते में दूसरों की रकम प्राप्त कर आगे ट्रांसफर करने से बचें। खाता होल्ड होने पर संबंधित बैंक शाखा से कारण और प्रक्रिया की जानकारी लें तथा साइबर फ्रॉड से जुड़े मामलों में पुलिस से संपर्क करें।