सहारनपुर
सहारनपुर। मानदेय बढ़ाने समेत विभिन्न मांगों को लेकर सोमवार को बड़ी संख्या में आशा कार्यकर्ताओं ने संयुक्त आशा संगठन के संयोजक संजय वालिया के नेतृत्व में सीएमओ कार्यालय से जिला मुख्यालय तक जुलूस निकाला। घंटाघर और कोर्ट रोड से होते हुए निकले जुलूस में आशाओं ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए अपनी मांगें उठाईं। पिछले एक सप्ताह से सीएमओ कार्यालय पर आशाओं, एएनएम और जीएनएम का धरना-प्रदर्शन जारी है। प्रदर्शन के दौरान संजय वालिया और आशा कार्यकर्ताओं ने कहा कि उन्हें महज 2200 से 3000 रुपये तक मानदेय मिलता है, जबकि उनसे दिन-रात काम लिया जाता है। महिलाओं की डिलीवरी कराने से लेकर स्वास्थ्य विभाग के विभिन्न कार्यों की जिम्मेदारी भी उन्हें निभानी पड़ती है। आशा कार्यकर्ताओं का कहना है कि बढ़ती महंगाई में इतने कम मानदेय से परिवार चलाना, बच्चों की फीस भरना और रसोई का खर्च उठाना मुश्किल हो गया है। उन्होंने सरकार से मानदेय बढ़ाकर 26 हजार रुपये करने की मांग की। आशाओं ने बताया कि उन्होंने अपने कार्यों का बहिष्कार कर दिया है। जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होतीं, वे काम पर वापस नहीं लौटेंगी। उन्होंने चेतावनी दी कि मांगों पर जल्द निर्णय नहीं लिया गया तो आंदोलन को और तेज करते हुए अनिश्चितकालीन हड़ताल की जाएगी।
रमेश सैनी सहारनपुर इंडियन टीवी न्यूज़