प्रेस विज्ञप्ति
बोधगया, दिनांक: 14 अक्टूबर 2026
बोधगया में जनसुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए डॉ. प्रेम कुमार ने की प्रशासनिक बैठक, स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार और बुनियादी सुविधाओं को दुरुस्त करने के दिए निर्देश
बोधगया। बिहार विधानसभा के अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने बुधवार को बोधगया अतिथि गृह में प्रशासनिक अधिकारियों के साथ बैठक कर क्षेत्र की जनसुविधाओं, स्वास्थ्य सेवाओं, स्वच्छता, सुरक्षा, यातायात व्यवस्था एवं पर्यटन विकास से जुड़े विभिन्न मुद्दों की समीक्षा की। बैठक में एडीएम, डीएसपी, थानाध्यक्ष, बीडीओ, ट्रैफिक थानाध्यक्ष, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी चिकित्सक सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक में डॉ. प्रेम कुमार ने कहा कि बोधगया ज्ञान, शांति और आध्यात्मिकता की अंतरराष्ट्रीय पहचान रखने वाली पावन भूमि है। यहां सालों भर देश-विदेश से पर्यटकों और श्रद्धालुओं का आगमन होता है। ऐसे में बोधगया में सड़क, स्वच्छता, पेयजल, सुरक्षा, यातायात, प्रकाश व्यवस्था और अन्य बुनियादी जनसुविधाओं का विशेष ध्यान रखना आवश्यक है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि आम नागरिकों के साथ-साथ पर्यटकों और श्रद्धालुओं को भी बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए तत्परता से कार्य करें।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की समस्याओं के समाधान के लिए मंत्री से की बात
बैठक के दौरान बोधगया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी चिकित्सक ने अस्पताल की विभिन्न समस्याओं से अवगत कराते हुए बताया कि वर्तमान में प्रखंड स्तर पर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र संचालित है, लेकिन स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए अतिरिक्त भवन, ओपीडी के लिए अलग कमरों, महिला चिकित्सक और अल्ट्रासाउंड मशीन के संचालन हेतु ऑपरेटर की आवश्यकता है।
अस्पताल की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए डॉ. प्रेम कुमार ने तत्काल संबंधित मंत्री श्री निशांत कुमार से फोन पर वार्ता कर वस्तुस्थिति से अवगत कराया। इस पर मंत्री ने आवश्यक कार्रवाई का जल्द से जल्द अनुपालन सुनिश्चित करने का आश्वासन दिया।
डॉ. प्रेम कुमार ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परिसर में बंद पड़े शौचालय को भी शीघ्र चालू कराने का निर्देश दिया, ताकि मरीजों और उनके परिजनों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं हो।
बंद पड़ी स्ट्रीट लाइटों को दुरुस्त करने का निर्देश
नगर परिषद के अधिकारियों को निर्देश देते हुए विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि शहर में नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करने के साथ-साथ पुरानी लाइटों का रखरखाव एवं मरम्मत कराई जाए। वर्तमान में बंद पड़ी स्ट्रीट लाइटों को जल्द से जल्द ठीक किया जाए, ताकि शहर में रोशनी की समुचित व्यवस्था बनी रहे।
उन्होंने बोधगया में टेंपो स्टैंड, फुटपाथ दुकानदारों के लिए उपयुक्त स्थल, पार्किंग और वेंडिंग जोन विकसित करने के लिए स्थान चिह्नित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि व्यवस्थित पार्किंग, स्वच्छता, बिजली, वेंडिंग जोन और अन्य जनसुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए, जिससे स्थानीय नागरिकों, दुकानदारों और पर्यटकों को सहूलियत मिले तथा यातायात व्यवस्था भी सुचारु बनी रहे।
बोधगया कॉरिडोर के विकास को लेकर पर्यटन विभाग से ली जानकारी
बोधगया कॉरिडोर परियोजना की प्रगति की समीक्षा के दौरान डॉ. प्रेम कुमार ने पर्यटन विभाग के प्रबंध निदेशक से फोन पर बातचीत कर अद्यतन जानकारी प्राप्त की। प्रबंध निदेशक ने बताया कि कॉरिडोर का प्री-प्रीपरेशन रिपोर्ट (पीपीआर) सरकार को सौंप दिया गया है। विस्तृत परियोजना प्रतिवेदन (डीपीआर) सौंपे जाने के बाद परियोजना को कैबिनेट की स्वीकृति के लिए भेजा जाएगा।
इस दौरान डॉ. प्रेम कुमार ने बोधगया में भूमिगत केबलिंग की व्यवस्था विकसित करने तथा पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने पर जोर दिया। उन्होंने एयरपोर्ट से राष्ट्रीय राजमार्ग होते हुए महाबोधि मंदिर तक हरियाली विकसित करने की दिशा में भी आवश्यक पहल करने की बात कही, ताकि बोधगया को स्वच्छ, सुंदर और पर्यावरण के अनुकूल पर्यटन स्थल के रूप में विकसित किया जा सके।
नोडवन की क्षतिग्रस्त सड़कों का किया निरीक्षण
बैठक के बाद डॉ. प्रेम कुमार ने बोधगया प्रखंड के नोडवन क्षेत्र में क्षतिग्रस्त सड़कों का स्थल निरीक्षण कर स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सड़कों की मरम्मत एवं निर्माण कार्य जल्द से जल्द पूरा कराने का निर्देश दिया, ताकि स्थानीय लोगों के आवागमन में होने वाली परेशानी दूर हो सके।
इसके अतिरिक्त उन्होंने दोमुहान से बोधगया मंदिर तक के मार्ग में वेंडिंग जोन और पार्किंग स्थलों की स्थिति का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि उपयुक्त स्थानों को चिह्नित कर व्यवस्थित वेंडिंग जोन एवं पार्किंग की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, जिससे सड़क पर अतिक्रमण और यातायात संबंधी समस्याओं को कम किया जा सके।
डॉ. प्रेम कुमार ने कहा कि बोधगया की अंतरराष्ट्रीय पहचान को ध्यान में रखते हुए यहां की आधारभूत संरचनाओं और नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाना आवश्यक है। इसके लिए सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें और जनहित से जुड़े मामलों का समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करें।
इस अवसर पर जिला मंत्री नीरज निश्चल उर्फ मुन्नीलाल, कृष्णा साहू, वाहिद अली, मनोज कुशवाहा, बबलू जी,शिवा मांझी,मोहन लाल शर्मा,वेद प्रकाश सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
रिपोर्टर – त्रिलोकी नाथ गयाजी बिहार