दुद्धी (सोनभद्र)।स्थानीय क्षेत्र के बघाडू रन्नू मार्ग पर बुधवार शाम को एक तेज रफ्तार बाइक की टक्कर से दूसरी बाइक पर सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
परिजनों के अनुसार, बरवा टोला आरंगपानी थाना म्योरपुर निवासी अरविंद (20)पुत्र गुलाब, अपने चाचा के साथ किसी रिश्तेदार के ब्रह्मभोज कार्यक्रम में शामिल होने बघाडू गांव गए थे। शाम करीब साढ़े पांच बजे वे बाइक से अपने घर लौट रहे थे,किजैसे ही उनकी बाइक बघाडू स्थित कल्पना स्कूल से आगे एक मोड़ पर पहुंची, सामने से आ रहे तेज रफ्तार बाइक सवार ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद टक्कर मारने वाला चालक मौके से भागने की फिराक में था, लेकिन वहां मौजूद स्थानीय लोगों ने उसे तुरंत दबोच लिया और घटना की सूचना पुलिस को दी।
इस दुर्घटना में अरविंद गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि बाइक पर पीछे बैठे उनके चाचा को हल्की चोटें आईं। साथ चल रहे दूसरी बाइक पर सवार अन्य साथियों ने तुरंत एम्बुलेंस को फोन कर घटना की जानकारी दी।
सूचना मिलते ही 102 एम्बुलेंस की टीम की ईएमटी कुसुम यादव और चालक विजय राजभर मौके पर पहुंचे।उन्होंने घायल अरविंद को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी पहुंचाया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
सीएचसी के चिकित्सक डॉ. मनोहर सिंह ने बताया कि हादसे में युवक के सीने में गंभीर चोटें आई हैं और फिलहाल उनका इलाज जारी है।
