ब्यूरो चीफ सुंदरलाल जिला सोलन हिमाचल प्रदेश
पीएम केंद्रीय विद्यालय 14 जीटीसी सुबाथू द्वारा राष्ट्रीय शिक्षा नीति (एनईपी 2020) के अंतर्गत ‘बैगलेस डे’ के तहत स्कूली विद्यार्थियों के लिए एक विशेष शैक्षणिक भ्रमण का सफल आयोजन किया गया। इस शैक्षणिक पहल के दौरान विद्यार्थियों ने वर्ष 1836 से निरंतर सेवारत हिमाचल प्रदेश के सबसे पुराने और ऐतिहासिक सुबाथू उप-डाकघर का दौरा कर इसके समृद्ध इतिहास तथा कार्यप्रणाली को प्रत्यक्ष रूप से समझा।
भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों ने डाकघर कर्मियों के साथ सीधा संवाद स्थापित किया। पोस्टमास्टर बुद्धि सिंह नेगी के नेतृत्व में डाक सहायक राजेंद्र कुमार, कामेश्वर, प्रियंका देवी व प्रदीप कुमार ने बच्चों को काउंटर कार्यप्रणाली, पत्र छंटाई, स्पीड पोस्ट तथा पार्सल बुकिंग की विस्तृत व्यवस्था से अवगत कराया। इसके साथ ही डाकिया सोनू कुमारी व कमलेश, एमटीएस दिनेश कुमार तथा ग्रामीण डाक सेवक पल्लवी सहित समस्त कर्मचारियों ने डाक वितरण तंत्र की व्यावहारिक कार्यशैली साझा की।
डाकघर के कर्मचारियों ने स्कूली विद्यार्थियों को वित्तीय साक्षरता के प्रति जागरूक करते हुए डाक विभाग की प्रमुख जन-कल्याणकारी बचत योजनाओं की जानकारी दी। विद्यार्थियों को सुकन्या समृद्धि योजना, वरिष्ठ नागरिक बचत योजना, राष्ट्रीय बचत प्रमाण पत्र, किसान विकास पत्र, महिला सम्मान सेविंग्स सर्टिफिकेट्स, मासिक आय योजना, पीपीएफ, सावधि जमा और आवर्ती जमा जैसी योजनाओं के वित्तीय लाभों एवं महत्व से परिचित कराया गया।
यह आयोजन राष्ट्रीय शिक्षा नीति (एनईपी 2020) के प्रमुख घटक ‘अनुभवात्मक अधिगम’ और कक्षा 6 से 8 के लिए निर्धारित ’10 बैगलेस डेज’ की भावना को साकार करता है। कक्षा-कक्ष की चारदीवारी से बाहर निकलकर स्थानीय सार्वजनिक सेवाओं का प्रत्यक्ष अनुभव प्राप्त करने से विद्यार्थियों में व्यावहारिक वित्तीय साक्षरता, तार्किक सोच और सामाजिक उत्तरदायित्व का विकास हुआ है। किताबी दुनिया से इतर संचार व बचत प्रबंधन का यह व्यावहारिक अनुभव प्रदान करने के लिए विद्यालय प्रबंधन ने सुबाथू उप-डाकघर के समस्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों के प्रति आभार व्यक्त किया।