सोनभद्र। जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने जनता से अपील की है कि जिन पात्र नागरिकों का नाम मतदाता सूची में नहीं है या जिन्हें सूची में संशोधन कराना है, वे 17 और 24 अक्टूबर को आयोजित होने वाले विशेष कैंप में अवश्य पहुंचें। जिले के सभी मतदान केंद्रों पर इन दिनों विशेष कैंप लगाए जाएंगे।
प्रशासन के अनुसार इन कैंपों में मतदाता सूची में नाम जुड़वाने, नाम, पता, जन्मतिथि व अन्य विवरणों में संशोधन कराने तथा मतदाता सूची से जुड़ी अन्य समस्याओं के निस्तारण की सुविधा दी जाएगी। पहली बार मतदान के लिए पात्र युवाओं का पंजीकरण भी कराया जा सकेगा।
जिलाधिकारी ने कहा कि निर्वाचन में भाग लेना प्रत्येक पात्र नागरिक का महत्वपूर्ण अधिकार है। उन्होंने सभी पात्र मतदाताओं से निर्धारित तिथियों पर अपने निकटतम मतदान केंद्र पर पहुंचकर अपना नाम सूची में जांचवाने और आवश्यकता होने पर आवेदन करने की अपील की।
बताया गया कि नए मतदाता पंजीकरण के लिए फार्म-6 के साथ हालिया पासपोर्ट साइज फोटो, जन्मतिथि तथा पते से संबंधित वैध दस्तावेज लगाने होंगे। इसके अलावा नागरिक बूथ लेवल अधिकारी, मतदाता पंजीकरण केंद्र, तहसील या जिला निर्वाचन कार्यालय में भी आवेदन कर सकते हैं।