कांधला (शामली): कस्बा कांधला में आयोजित ऐतिहासिक रामलीला में एक बार फिर सांप्रदायिक सौहार्द और आपसी भाईचारे की खूबसूरत तस्वीर देखने को मिली। समाज में हिंदू-मुस्लिम एकता का संदेश देने वाले प्रमुख समाजसेवी एडवोकेट नावेद जंग को रामलीला कमेटी के पदाधिकारियों द्वारा मंच पर आमंत्रित कर पटका पहनाकर और प्रतीक चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।
कांधला में सदियों से चली आ रही गंगा-जमुनी तहजीब की परंपरा को आगे बढ़ाते हुए रामलीला आयोजन समिति ने एडवोकेट नावेद जंग के सामाजिक कार्यों और भाईचारे को बढ़ावा देने के प्रयासों की सराहना की। कमेटी के सदस्यों ने कहा कि नावेद जंग हमेशा से क्षेत्र में शांति, सौहार्द और एकजुटता बनाए रखने में अग्रणी भूमिका निभाते रहे हैं।
नावेद जंग ने व्यक्त किया आभार
इस सम्मान से अभिभूत होकर एडवोकेट नावेद जंग ने कहा, “कांधला की यह पावन धरती हमेशा से मोहब्बत और भाईचारे का पैगाम देती आई है। रामलीला जैसे सांस्कृतिक मंच पर यह सम्मान केवल मेरा नहीं, बल्कि कांधला के हर उस नागरिक का है जो शांति और सौहार्द में विश्वास रखता है। हम सब मिलकर इस गंगा-जमुनी तहजीब को हमेशा जिंदा रखेंगे।”