10 साल से टूटी सुरक्षा दीवार, जोखिम उठाकर निकल रहे कॉलोनीवासी
दो बार शुरू हुआ निर्माण, दोनों बार अधूरा छोड़ा; हादसे का बना खतरा
राजगढ़। राम-रहीम कॉलोनी से खुल्ला नाला रोड की ओर जाने वाले रास्ते पर करीब 10 साल से टूटी सुरक्षा दीवार कॉलोनीवासियों के लिए परेशानी और हादसे का खतरा बनी हुई है। सड़क का यह हिस्सा सीधी घाटी पर स्थित है और यहां से करीब 20 फीट नीचे दूसरी सड़क है। ऐसे में वाहन चालकों और राहगीरों को इस मार्ग से गुजरते समय विशेष सावधानी बरतनी पड़ती है।
कॉलोनीवासियों के अनुसार सुरक्षा दीवार के निर्माण की मांग लंबे समय से की जा रही है। दो बार निर्माण कार्य शुरू भी हुआ, लेकिन दोनों बार सबसे खतरनाक हिस्से पर दीवार का निर्माण अधूरा छोड़ दिया गया। जुलाई में नगर पालिका अध्यक्ष, पार्षद और भाजपा मंडल अध्यक्ष ने मौके का निरीक्षण कर जल्द निर्माण शुरू कराने का भरोसा दिलाया था, लेकिन करीब चार महीने बीतने के बाद भी काम पूरा नहीं हुआ। रहवासियों का कहना है कि दीवार टूटने के बाद वाहन चालकों के लिए यहां दुर्घटना का खतरा लगातार बना हुआ है।
रहवासियों ने उठाई तत्काल सुरक्षा व्यवस्था की मांग
रहवासियों ने प्रशासन और नगर पालिका से मांग की है कि हादसे की आशंका वाले स्थान पर तत्काल सुरक्षा दीवार का निर्माण कराया जाए। जब तक स्थायी निर्माण नहीं होता, तब तक बैरिकेडिंग और अन्य सुरक्षा इंतजाम किए जाएं। मामले में नगर पालिका अधिकारियों से संपर्क का प्रयास किया गया, लेकिन फोन रिसीव नहीं हुआ।