हरदोई से दिव्यांशु तिवारी की रिपोर्ट ।
हरदोई। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत शुक्रवार को सीएसएन पीजी कॉलेज, लखनऊ चुंगी, हरदोई में भव्य सामूहिक विवाह कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जनपद के विभिन्न विकासखंडों एवं नगर निकायों के कुल 622 जोड़े शामिल हुए। समारोह में राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) नितिन अग्रवाल सहित अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
कार्यक्रम के दौरान मंत्री नितिन अग्रवाल ने नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद देते हुए उन्हें आपसी प्रेम, सहयोग और सद्भाव के साथ जीवन बिताने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना गरीब परिवारों की बेटियों के विवाह में महत्वपूर्ण सहयोग प्रदान कर रही है। इस योजना से समाज में समरसता और आपसी सहयोग की भावना को बढ़ावा मिल रहा है।
योजना के तहत प्रति जोड़े पर कुल एक लाख रुपये व्यय किए जाने का प्रावधान बताया गया। इसमें ₹64,000 कन्या के खाते में हस्तांतरित किए जाने, ₹21,000 की वैवाहिक सामग्री उपलब्ध कराने तथा ₹15,000 आयोजन पर खर्च किए जाने की व्यवस्था है।
नवविवाहित जोड़ों को साड़ी, ब्लाउज, चुनरी, कपड़े, डिनर सेट, प्रेशर कुकर, ट्रॉली बैग, दीवार घड़ी, सीलिंग फैन, बिस्तर, गद्दे, तकिए, कंबल, चूड़ियां, वैनिटी किट तथा रसोई से संबंधित अन्य आवश्यक सामग्री प्रदान की गई। जिलाधिकारी एवं मुख्य विकास अधिकारी ने भी नवदंपतियों पर पुष्पवर्षा कर उन्हें शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम को सफलतापूर्वक संपन्न कराने के लिए जिलाधिकारी, मुख्य विकास अधिकारी नेहा ब्याडवाल, उपजिलाधिकारी सदर, जिला विकास अधिकारी, परियोजना निदेशक डीआरडीए सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।



