राजगढ़। राजगढ़ नगर में हिंदू चेतना मंच एवं विश्व हिंदू परिषद के तत्वावधान में विशाल 1111 मीटर चुनरी यात्रा निकाली गई। मां जालपा के प्रति श्रद्धा और भक्ति से सराबोर इस यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। मां के जयकारों से पूरा नगर भक्तिमय हो गया।
यात्रा का शुभारंभ राजमहल प्रांगण में विधि-विधान के साथ कन्या पूजन, चुनरी पूजन और मां की आरती कर किया गया। इसके बाद चुनरी यात्रा राजमहल प्रांगण से प्रारंभ होकर नगर के प्रमुख मार्गों, बस स्टैंड, बायपास और खिलचीपुर नाका होते हुए मां जालपा दरबार पहुंची।
यहां श्रद्धालुओं ने मां जालपा को 1111 मीटर लंबी चुनरी अर्पित की। इसके साथ ही यात्रा का समापन हुआ।
