सकीट -एटा। थाना मलावन क्षेत्र के मधूपुरा गांव के पास शनिवार सुबह तेज रफ्तार मैक्स पिकअप सड़क किनारे खड़े ट्रक में पीछे से जा घुसी। हादसे में पिकअप सवार सात लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर इतनी जोरदार थी कि पिकअप का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
चालक को नींद आने से हुआ हादसा
स्थानीय लोगों के अनुसार, मैक्स पिकअप में सवार लोग मैनपुरी से कासगंज और अन्य जनपदों की ओर जा रहे थे। इसी दौरान चालक को नींद का झोंका आने से वाहन अनियंत्रित हो गया और सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकरा गया। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।
पुलिस ने घायलों को मेडिकल कॉलेज में कराया भर्ती
दुर्घटना की सूचना मिलते ही मलावन पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने 108 और 1033 एंबुलेंस की मदद से सभी सात घायलों को एटा मेडिकल कॉलेज पहुंचाया, जहां उनका उपचार चल रहा है।
थाना प्रभारी क्षत्रपाल सिंह ने बताया कि दुर्घटना में शामिल दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर मामले की जांच की जा रही है।