**बिहार मोतीहारी से अमरजीत सिंह**
मोतिहारी में बीजेपी विधायक लालबाबू प्रसाद को जनता ने घेरा, सड़क निर्माण को लेकर तीखी बहस का वीडियो वायरल
मोतिहारी में बीजेपी विधायक दुर्गापूजा घूमने अपने विधानसभा क्षेत्र में निकले थे। इस बीच चिरैया प्रखण्ड के खरतारी पंचायत के लोगो ने उन्हें घेर लिया और फिर जमकर विधायक जी और जनता के बीच में बहस हुआ.
: बिहार में नई सरकार के गठन और सम्राट चौधरी के मुख्यमंत्री के रूप में कार्यकाल के करीब छह माह पूरे होने के बाद अब धरातल पर जनता ने अपने जनप्रतिनिधियों से किए गए वादों का हिसाब मांगना शुरू कर दिया है। चुनावी वादों और विकास कार्यों की धीमी रफ्तार को लेकर ग्रामीण इलाकों में विधायकों के खिलाफ नाराजगी सामने आने लगी है।
ताजा मामला मोतिहारी जिले के चिरैया विधानसभा क्षेत्र का है, जहां स्थानीय बीजेपी विधायक लालबाबू प्रसाद को ग्रामीणों के कड़े विरोध का सामना करना पड़ा। दुर्गापूजा के अवसर पर अपने विधानसभा क्षेत्र के भ्रमण पर निकले विधायक जी को चिरैया प्रखंड के खरतारी पंचायत में स्थानीय लोगों ने घेर लिया और विकास कार्यों को लेकर सीधे सवाल दाग दिए।
घटना के दौरान जनता और विधायक के बीच तीखी बहस हुई, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। ग्रामीणों का कहना था कि वे पिछले 10 वर्षों से इलाके में सड़क बनवाने की मांग कर रहे हैं, लेकिन बार-बार आश्वासन मिलने के बावजूद आज तक सड़क का निर्माण नहीं हो सका है।
आक्रोशित लोगों ने विधायक से स्पष्ट लहजे में कहा कि जनता के वोटों से चुनकर प्रतिनिधि बनते हैं, इसलिए अपने वादों का हिसाब देना उनकी जिम्मेदारी है। हालांकि विधायक ग्रामीणों को समझाने का प्रयास करते दिखे, लेकिन जनता का गुस्सा शांत नहीं हुआ और लोग पिछले एक दशक का हिसाब मांगते रहे।अब तक जहां केवल विपक्षी दल विकास कार्य ठप होने का आरोप लगा रहे थे, वहीं अब सीधे आम जनता द्वारा सत्ताधारी पार्टी के विधायकों से सड़क और बुनियादी सुविधाओं को लेकर सवाल पूछना राज्य की राजनीति में चर्चा का विषय बन गया है।
रिपोर्ट;;अमरजीत सिंह
