गुंडरदेही में जुआ खेलते 8 आरोपी गिरफ्तार, 12,300 रुपये नकद और ताश की 52 पत्तियां जब्त
बालोद, 19 अक्टूबर 2026। छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में जुआ-सट्टा के खिलाफ कार्रवाई करते हुए गुंडरदेही पुलिस ने ग्राम गुरेदा में जुआ खेलते 8 आरोपियों को पकड़ा है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 12,300 रुपये नकद और ताश की 52 पत्तियां जब्त की हैं। सभी आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम, 2022 की धारा 3(2) के तहत मामला दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई है।
पुलिस के अनुसार, 18 अक्टूबर को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम गुरेदा स्थित देवांगन भवन के पीछे कुछ लोग ताश की पत्तियों से रुपये-पैसे का दांव लगाकर जुआ खेल रहे हैं। सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी और आठ लोगों को पकड़ा।
पकड़े गए आरोपियों की पहचान हिमांशु देवांगन उर्फ हीरामणी (18), दुर्वासा निषाद (52), टेकश्वर कुंभकार (29), महेश कुमार देशलहरे (44), शैलेन्द्र कुमार देवांगन (40), संजय कुमार देशलहरे (37), चेलाराम सिन्हा (40) और बुधराम देवांगन (40) के रूप में हुई है। इनमें पांच आरोपी ग्राम गुरेदा और तीन आरोपी ग्राम नांददा के निवासी बताए गए हैं।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक किरण गंगाराम चव्हाण के मार्गदर्शन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक चंद्रकांत गवर्ना के निर्देशन और एसडीओपी गुंडरदेही श्रुति सिंह के पर्यवेक्षण में की गई। थाना प्रभारी निरीक्षक रवि शंकर पाण्डेय के नेतृत्व में कार्रवाई करने वाली टीम में सहायक उप निरीक्षक अरविंद साहू, आरक्षक पंकज ताराम, यशवंत देशमुख और मनीष तिवारी शामिल रहे।
बालोद पुलिस ने आम नागरिकों से जुआ और सट्टा जैसी अवैध गतिविधियों से दूर रहने तथा ऐसी गतिविधियों की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचित करने की अपील की है।










