बालोद: 30 पौवा देशी शराब के साथ आरोपी गिरफ्तार, स्कूटी सहित 52,400 रुपये का मशरूका जब्त
बालोद, 19 अक्टूबर 2026। बालोद जिले में अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई करते हुए डौंडी पुलिस ने 30 पौवा देशी प्लेन शराब के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने शराब और परिवहन में इस्तेमाल की जा रही स्कूटी सहित कुल 52,400 रुपये का मशरूका जब्त किया है। आरोपी के खिलाफ आबकारी एक्ट की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायिक रिमांड पर न्यायालय में पेश किया गया।
पुलिस के अनुसार, 18 अक्टूबर 2026 को देहात पेट्रोलिंग के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम ओड़गांव जाने वाले मार्ग पर पुल के पास एक व्यक्ति स्कूटी में अवैध शराब लेकर जा रहा है। सूचना पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर आरोपी लोकेश कुमार शर्मा (36 वर्ष), निवासी राजहरा, जिला बालोद को पकड़ा।
तलाशी के दौरान आरोपी की कत्थई रंग की टीवीएस जुपिटर स्कूटी क्रमांक CG24W7713 की डिक्की में रखे थैले से 30 पौवा देशी प्लेन शराब बरामद हुई। प्रत्येक पौवा में 180 एमएल शराब थी। कुल शराब की मात्रा 5.400 बल्क लीटर और कीमत 2,400 रुपये बताई गई है। पुलिस ने शराब के साथ करीब 50 हजार रुपये कीमत की स्कूटी भी जब्त की है।
पुलिस ने आरोपी को 18 अक्टूबर को गिरफ्तार कर नियमानुसार कार्रवाई की। इस मामले में थाना डौंडी में अपराध क्रमांक 141/2026 के तहत आबकारी एक्ट की धारा 34(2) में प्रकरण दर्ज किया गया है।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक किरण चौव्हाण के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक चंद्रकांत गवर्ना और नगर पुलिस अधीक्षक विकास पाटले के मार्गदर्शन में की गई। कार्रवाई में थाना प्रभारी उपनिरीक्षक उमा ठाकुर, प्रधान आरक्षक विष्णु तारम तथा आरक्षक पुकेश्वर साहू, सुमन देवहारी और ईश्वर भंडारी की सक्रिय भूमिका रही।

