विजयादशमी पर बालोद पुलिस लाइन में शस्त्र पूजन, हवन के साथ पुलिस अधिकारियों ने किया हर्ष फायर
बालोद, 20 अक्टूबर 2026। विजयादशमी के अवसर पर पुलिस लाइन बालोद में मंगलवार को विधि-विधान से शस्त्र पूजन एवं हवन का आयोजन किया गया। पुलिस अधीक्षक किरण गंगाराम चव्हाण (भा.पु.से.) के नेतृत्व में पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने शस्त्रागार में रखे शस्त्रों तथा शासकीय वाहनों की पूजा-अर्चना की। पूजन के बाद राजपत्रित एवं अन्य पुलिस अधिकारियों ने हर्ष फायर किया।
कार्यक्रम में मंत्रोच्चार और हवन के साथ सुख, समृद्धि एवं शांति की कामना की गई। विजयादशमी पर शस्त्र पूजन की परंपरा का निर्वहन करते हुए पुलिस बल ने जनसेवा, सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के अपने संकल्प को दोहराया।
बालोद जिले के सभी थाना, चौकियों और शस्त्रागारों में भी शस्त्रों की साफ-सफाई कर विधिवत पूजा-अर्चना की गई। पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उत्साह और श्रद्धा के साथ इस परंपरा में भाग लिया।
इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक चन्द्रकांत गवर्ना, एसडीओपी बोनिफास एक्का, एसडीओपी विनय कुमार, एसडीओपी श्रुति सिंह और रक्षित निरीक्षक रेवती वर्मा सहित पुलिस लाइन के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
पुलिस अधीक्षक किरण गंगाराम चव्हाण ने जिले के नागरिकों, पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को विजयादशमी की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने सभी के जीवन में सुख, शांति और समृद्धि की कामना करते हुए पर्व को आपसी सौहार्द एवं भाईचारे के साथ मनाने की अपील की। साथ ही पुलिसकर्मियों को पूरी निष्ठा और ईमानदारी से जनसेवा तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रेरित किया।




