OkMuzaffarnagar Mobile Battery Blast News: उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर में मोबाइल फोन की बैटरी फटने की कथित घटना के बाद बाइक सवार 40 साल के विकास अंतल की मौत हो गई. बताया जा रहा है कि वह बाइक से घर लौट रहे थे, तभी उनके मोबाइल में अचानक धमाका हुआ. इसके बाद वह सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए. पुलिसकर्मी उन्हें जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन बाद में परिजन बेहतर इलाज के लिए आरोग्य हॉस्पिटल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. विकास की मौत से परिवार में मातम पसरा है. उनके परिवार में बुजुर्ग माता-पिता, पत्नी, 6 साल की बेटी और तीन साल का बेटा है.यह घटना मुजफ्फरनगर के नगर कोतवाली क्षेत्र में वहलना चौक के पास की बताई जा रही है. रहमतपुर गांव के रहने वाले विकास अंतल देर शाम अपनी मां को माजरा गांव स्थित ननिहाल छोड़ने गए थे. वहां से वह बाइक पर सवार होकर वापस घर लौट रहे थे. इसी दौरान रास्ते में उनके मोबाइल फोन की बैटरी फटने की बात सामने आई. धमाके के बाद विकास बाइक से नीचे गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए. अचानक हुए हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई. वहां मौजूद पुलिसकर्मियों ने उन्हें तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया. घटना की जानकारी मिलते ही परिजन भी अस्पताल पहुंचे और उन्हें बेहतर इलाज की उम्मीद में दूसरे अस्पताल ले गए, लेकिन उनकी जान नहीं बच सकी.
