जर्नलिस्ट एसोसिएशन ऑफ इंडिया के पदाधिकारियों ने नसीम अहमद हत्याकांड में न्याय की मांग की, जिलाधिकारी के माध्यम से मुख्यमंत्री को भेजा पांच सूत्रीय ज्ञापन
पीड़ित परिवार को एक करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता, एक सदस्य को सरकारी नौकरी और पत्रकारों को 50 लाख रुपये का बीमा कवर देने की मांग
मुजफ्फरनगर। जनपद हापुड़ में दैनिक जनवाणी समाचार-पत्र के पत्रकार नसीम अहमद की हत्या के मामले में न्याय दिलाने तथा पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की मांग को लेकर जर्नलिस्ट्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया (रजि.) की जनपद मुजफ्फरनगर इकाई ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पांच सूत्रीय ज्ञापन भेजा है। ज्ञापन जिलाधिकारी मुजफ्फरनगर के माध्यम से भेजकर हत्याकांड की निष्पक्ष जांच और आरोपियों के विरुद्ध शीघ्र सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की गई है।
ज्ञापन में संगठन ने पत्रकार नसीम अहमद की हत्या को बेहद दुखद और निंदनीय घटना बताते हुए कहा कि इस घटना से पत्रकार जगत में आक्रोश व्याप्त है। संगठन ने प्रदेश में पत्रकारों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए सरकार से प्रभावी कदम उठाने का आग्रह किया है।
ज्ञापन के माध्यम से मांग की गई कि हत्याकांड की निष्पक्ष जांच कराकर आरोपियों के विरुद्ध शीघ्र कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए। इसके साथ ही पीड़ित परिवार को एक करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जाए तथा मृतक पत्रकार के परिवार के एक सदस्य को योग्यतानुसार सरकारी नौकरी दी जाए।
संगठन ने प्रदेश के सभी पत्रकारों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रभावी कानून बनाने और पत्रकारों को 50 लाख रुपये का बीमा कवर उपलब्ध कराने की मांग भी उठाई है।
जर्नलिस्ट्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया के पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री से इन मांगों पर गंभीरतापूर्वक विचार कर आवश्यक कार्रवाई करने की अपील की, ताकि पीड़ित परिवार को न्याय मिल सके और प्रदेश में पत्रकार स्वयं को सुरक्षित महसूस कर सकें।
मुख्यमंत्री को संबोधित एक विज्ञापन जिला अधिकारी महोदय मुजफ्फरनगर को प्रेषित करने वाले पत्रकारों में मुख्य रूप से संगठन के जिलाध्यक्ष नय्यर अब्बास नकवी, जिला महामंत्री अमित कुमार गौतम, डा.शाहवेज अंसारी ,रचित गोयल, महराब खान, मीनाक्षी गुप्ता, प्रवीण शर्मा, सुजीत बालियान, नीतीश मलिक, अमन बंसल, सहित अन्य पदाधिकारी गण शामिल रहे
