दुद्धी (सोनभद्र)। स्थानीय थाना क्षेत्र के झारोकला गांव निवासी 57 वर्षीय रामकरन गोंड़ पुत्र स्व. बृजमोहन, की शुक्रवार सुबह गांव से लगभग 300 मीटर दूर स्थित तालाब में उतराता हुआ शव मिलने से परिवार में कोहराम मच गया। मृतक गुरुवार शाम साढ़े पांच बजे मछली मारने के लिए तालाब की ओर गया था, लेकिन रात भर घर नहीं लौटा।
परिजनों के अनुसार, रात भर उसके घर न लौटने पर सबको लगा कि वह देर से आ जाएगा और सभी सो गए। सुबह तक भी जब वह घर नहीं पहुंचा, तो परिजन और ग्रामीण तालाब की ओर खोजने निकले। तालाब पहुंचने पर रामकरन का शव पानी के ऊपर उतरा हुआ देखा गया।
सूचना पर पहुंची स्थानीय पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से शव को पानी से बाहर निकलवाया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कराया और शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के चार पुत्र हैं, जो सभी विवाहित हैं। सबसे छोटे पुत्र सिद्धि सिंह गोड़ ने बताया कि पिता हिंडाल्को में ठेकदार के माध्यम से मजदूरी करते थे।
मृतक के तालाब में डूबने के बारे में अभी स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी ।
