कोरबा/आई.टी.ऐन नेशनल न्यूज:विजयादशमी के अवसर पर कोरबा जिले में बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक रावण दहन इस वर्ष भी धूमधाम से किया जाएगा। SECL सुभाष ब्लॉक स्थित नील मैदान में भव्य रावण दहन कार्यक्रम आयोजित होगा। आयोजन को लेकर तैयारियां शुरू की जा रही हैं। यहां पिछले 10 वर्षों से रावण दहन की परंपरा निभाई जा रही है। खास बात यह है कि हर वर्ष नए रावण का निर्माण किया जाता है।
20 दिन पहले से शुरू होती है तैयारियां
रावण दहन कार्यक्रम को भव्य रूप देने के लिए संयोजक–रौनित कुलदीप, अध्यक्ष–गोपी सिंग, उपाध्यक्ष–गजेन्द्र कश्यप, कोषाध्यक्ष–चंद्रकुमार कर्ष, संरक्षकगण: गणेश कुलदीप, सत्यनारायण कश्यप, किशोर यादव, मिलापराम, मोहन कर्ष एवं भारत कर्ष आयोजकों द्वारा करीब 20 दिन पहले से तैयारियां शुरू कर दी जाती हैं। रावण के निर्माण से लेकर आयोजन स्थल की व्यवस्था और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की तैयारियों तक, हर पहलू पर विशेष ध्यान दिया जाता है। हर वर्ष नए स्वरूप में रावण तैयार करना इस आयोजन की खास पहचान बन चुका है। रावण दहन कार्यक्रम के लिए इस वर्ष रावण का निर्माण कर्मेंद्र सिंग द्वारा किया गया है।
कार्यक्रम में रावण दहन से पहले करमा नृत्य और आकर्षक झांकियों की प्रस्तुति दी जाएगी। पारंपरिक लोक संस्कृति की झलक दिखाने वाले इन कार्यक्रमों के जरिए दर्शकों को सांस्कृतिक रंगों से रूबरू होने का अवसर मिलेगा। इसके साथ ही जबरदस्त आतिशबाजी भी आयोजन का प्रमुख आकर्षण रहेगी।
आयोजन में मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल शामिल होंगे। उनकी उपस्थिति में रावण दहन कार्यक्रम संपन्न होगा।
हर वर्ष उमड़ता है उत्साह
नील मैदान में आयोजित होने वाला यह कार्यक्रम क्षेत्र में दशहरा उत्सव की खास पहचान बन गया है। दस वर्षों से चली आ रही परंपरा के तहत इस बार भी रावण दहन, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और आतिशबाजी के साथ उत्सव मनाने की तैयारी है। आयोजन के माध्यम से लोगों को एक साथ आकर दशहरा पर्व मनाने और बुराई पर अच्छाई की जीत का संदेश देने का अवसर मिलेगा।
