बालोद पुलिस की चेतावनी: हेलमेट नहीं पहनने, तीन सवारी और शराब पीकर वाहन चलाने पर होगी सख्त कार्रवाई
बालोद, 27 अक्टूबर। सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए जिला पुलिस बालोद यातायात नियमों के उल्लंघन पर विशेष जांच अभियान चलाएगी। इस दौरान बिना हेलमेट वाहन चलाने, दोपहिया पर तीन सवारी बैठाने, शराब पीकर वाहन चलाने और अन्य नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार चालानी एवं वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
जिला पुलिस ने वाहन चालकों से हेलमेट पहनने, पीछे बैठने वाले की सुरक्षा सुनिश्चित करने, नशे में वाहन नहीं चलाने, आवश्यक दस्तावेज साथ रखने और निर्धारित गति सीमा का पालन करने की अपील की है। पुलिस ने कहा कि यातायात नियमों का पालन केवल कानूनी बाध्यता नहीं, बल्कि स्वयं और परिवार की सुरक्षा का माध्यम है।
जिला पुलिस बालोद ने नागरिकों से अपील की है—“नियमों का पालन करें, सुरक्षित घर लौटें।”

