दुद्धी (सोनभद्र)। स्थानीय रामलीला मैदान में डीएनएफसी के तत्वावधान में आयोजित तीन दिवसीय सिक्स साइड फुटबॉल टूर्नामेंट का मंगलवार शाम भव्य समापन हुआ। टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला दुद्धी सीनियर और दुद्धी बी टीम के बीच खेला गया, जिसमें दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने शानदार खेल कौशल का प्रदर्शन किया।
आयोजन वरिष्ठ समाजसेवी एवं बसपा के विधानसभा प्रभारी संजय सिंह धुर्वे के नेतृत्व में किया गया। तीन दिनों तक चले इस प्रतियोगिता में स्थानीय युवाओं ने फुटबॉल के प्रति अपना जुनून, फुर्ती, टीम भावना और प्रतिभा दिखाई। मैदान पर उमड़े दर्शकों ने खिलाड़ियों को जोरदार उत्साहवर्धन दिया।
फाइनल मुकाबले से पहले मुख्य अतिथि रामविचार गौतम और नगर पंचायत अध्यक्ष कमलेश मोहन ने दोनों टीमों के खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया तथा हाथ मिलाकर उनका उत्साह बढ़ाया। इसके बाद राष्ट्रगान हुआ और मैच की शुरुआत हुई। मुकाबले के दौरान दोनों टीमों के बीच रोमांचक संघर्ष देखा गया।
आयोजकों का उद्देश्य युवाओं को खेल के प्रति प्रोत्साहित करना और स्थानीय स्तर पर फुटबॉल प्रतिभाओं को मंच उपलब्ध कराना रहा। ऐसे आयोजनों से युवाओं को अनुशासन, टीम भावना और खेल भावना सीखने का अवसर मिलता है।
समापन समारोह में पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि कमल कुमार कान, रामेश्वर राय, रामानुज दुबे, मोजिब खान सहित बड़ी संख्या में खेल प्रेमी उपस्थित रहे।

