भुवनेश्वर से बालोद लाई जा रही थीं प्रतिबंधित नशीली गोलियां, पुलिस और ANTF की संयुक्त कार्रवाई में तीन आरोपी पकड़े गए; ₹7.15 लाख की सामग्री जब्त
बालोद, 28 अक्टूबर 2026। बालोद पुलिस और एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) की संयुक्त टीम ने नशीली दवाइयों के अवैध कारोबार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को पकड़ा है। तांदुला नदी किनारे रामघाट मंदिर के पास दबिश देकर टीम ने प्रतिबंधित Nitrosun-10 (Nitrazepam) की 1,500 टैबलेट, नकदी, दोपहिया वाहन और मोबाइल फोन जब्त किए। जब्त सामग्री की कुल अनुमानित कीमत ₹7.15 लाख बताई गई है।
पुलिस के अनुसार, 27 अक्टूबर को थाना बालोद के निरीक्षक शिशुपाल सिन्हा को सूचना मिली थी कि कुछ व्यक्ति रामघाट मंदिर के पास प्रतिबंधित नशीली दवाइयां बेचने की तैयारी कर रहे हैं। सूचना पर वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराते हुए थाना बालोद और ANTF की संयुक्त टीम ने मौके पर कार्रवाई की। इस दौरान नवीन चावला, आशीष निर्मलकर और किशन बहादुर उर्फ नेपाली को पकड़ा गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, नशीली गोलियां ओडिशा के भुवनेश्वर से लाई जा रही थीं।
कार्रवाई में Nitrosun-10 की 1,500 टैबलेट, वजन लगभग 870 ग्राम और अनुमानित कीमत ₹6 लाख, ₹15 हजार नकद, हीरो स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल (CG05AU3540), एक्टिवा स्कूटी (CG24W3471) और मोबाइल फोन जब्त किए गए।
मामले में थाना बालोद में अपराध क्रमांक 0574/2026, धारा 22(ग), एनडीपीएस एक्ट, 1985 के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना की जा रही है।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक किरण गंगाराम चव्हाण के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक चंद्रकांत गवर्ना और एसडीओपी विनय साहू के मार्गदर्शन में की गई। कार्रवाई में निरीक्षक शिशुपाल सिन्हा, सहायक उप निरीक्षक धरम भूआर्य, आरक्षक बनवाली साहू, संजय सोनी, चुलेंद्र कुर्रे, विपिन गुप्ता, भोप सिंग साहू, राहुल, पूरन, मिथलेश, योगेश और ANTF टीम की भूमिका रही।
बालोद पुलिस ने नागरिकों से नशीली दवाइयों के अवैध कारोबार की सूचना तत्काल पुलिस को देने और युवाओं को नशे से दूर रहने के लिए जागरूक करने की अपील की है।





