सोनभद्र।सत्य सनातन ट्रस्ट के बैंक खाते से जुड़े करोड़ों रुपये की साइबर धोखाधड़ी के मामले में सोनभद्र पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल से तीन और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इसके साथ ही मामले में अब तक कुल आठ आरोपी पुलिस की गिरफ्त में आ चुके हैं।
पुलिस के अनुसार, समन्वय पोर्टल के जरिए रेणुकूट स्थित सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया में सत्य सनातन ट्रस्ट के नाम से खोले गए खाते की जांच की गई। जांच में साइबर ठगी से जुड़ी 35 शिकायतें सामने आईं, जिनमें करीब ₹11.63 करोड़ के संदिग्ध लेन-देन का खुलासा हुआ।इन शिकायतों में से लगभग ₹2.37 करोड़ की रकम ट्रस्ट के खाते में ट्रांसफर की गई बताई जा रही है। इसके बाद दुद्धी थाने में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।
मोबाइल लोकेशन और जांच के आधार पर दुद्धी पुलिस व सर्विलांस टीम ने 25 अक्टूबर को भोपाल के अयोध्या नगर थाना क्षेत्र में दबिश देकर तीन वांछित आरोपियों को पकड़ा। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान जय कुमार पांडेय, राजेश पोद्दार और बब्बू प्रसाद प्रजापति के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक हुंडई अमेज कार भी बरामद की है। तीनों को ट्रांजिट रिमांड के बाद बुधवार को सोनभद्र लाया गया और अदालत में पेश किया गया।
पुलिस के अनुसार, ट्रस्ट के संचालक ने बैंक खाता खुलवाकर उसका नंबर और एटीएम कार्ड अन्य लोगों को उपलब्ध कराया। साइबर ठगी की रकम इस खाते में मंगाई जाती थी और ट्रस्ट से जुड़े आरोपी को रकम का 20 प्रतिशत कमीशन दिया जाता था, जबकि शेष राशि आरोपियों में बंट जाती थी।
जांच में धर्मोदय फाउंडेशन, बलसा कंस्ट्रक्शन एंड ट्रेडिंग LLP और अन्य संस्थाओं के खातों से भी संदिग्ध लेन-देन सामने आए हैं। पुलिस मामले से जुड़े अन्य वित्तीय लेन-देन, शेष आरोपियों और ठगी नेटवर्क की पहचान के लिए लगातार जांच कर रही है।
पुलिस ने नागरिकों से अज्ञात लोगों को अपने बैंक खाते, एटीएम कार्ड, ओटीपी या लेन-देन से जुड़ी जानकारी साझा न करने की अपील की है।
