बीजपुर/संवाददाता दीपक कुमार।
सोनभद्र जिले के सिरसोती क्षेत्र में हाईवे की चपेट में आने से एक दुधारू गाय के दोनों पैर टूटने के बाद ग्रामीणों ने मंगलवार सुबह बीजपुर-रेणुकूट मार्ग पर चक्का जाम कर दिया। ग्रामीणों के विरोध के कारण सड़क के दोनों ओर कई किलोमीटर तक वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। इससे आम जनमानस और राहगीरों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
ग्रामीणों ने घायल गाय के इलाज का पूरा खर्च उठाने, सड़क पर ब्रेकर बनवाने, नियमित पानी का छिड़काव कराने और नाली निर्माण कराने की मांग की। ग्रामीणों का कहना था कि भारी वाहनों की आवाजाही से सड़क पर धूल उड़ती है, जिससे लोगों को परेशानी होती है। साथ ही दुर्घटनाओं का खतरा भी बना रहता है।
चक्का जाम के कारण पेट्रोल पंप से पुनर्वास और सिरसोती तक सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लगी रहीं। इससे राहगीरों और अन्य वाहन चालकों को आवागमन में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
बुधवार को एनटीपीसी प्रबंधन के प्रतिनिधियों और ग्रामीणों के बीच वार्ता हुई। मौके पर सीआईएसएफ के इंस्पेक्टर सहित अन्य लोग भी मौजूद रहे। वार्ता के दौरान ग्रामीणों ने अपनी मांगें रखीं, जिस पर प्रबंधन की ओर से आश्वासन मिलने के बाद सहमति बनी।
इसके बाद ग्रामीणों ने करीब 28 घंटे बाद चक्का जाम समाप्त कर दिया। अब ग्रामीणों को उम्मीद है कि प्रबंधन की ओर से दिए गए आश्वासन के अनुसार समस्याओं का जल्द समाधान किया जाएगा, जिससे सड़क पर दुर्घटनाओं का खतरा कम हो और लोगों को धूल व अन्य समस्याओं से राहत मिल सके।
